अजमेर : पुलिस ने की ऑनलाइन ठगी के मामले में कॉल सेन्टर पर रेड, पूछताछ जारी

अजमेर के सिविल लाइन स्थित एक कॉल सेंटर पर गुरुवार देर रात पुलिस ने छापा मारा। यहां से कम्प्यूटर और फाइलें जब्त कल ली है। पुलिस ने कॉल सेंटर के संचालक को भी हिरासत में ले लिया है। फिलहाल पुलिस ने इस मामले में कोई खुलासा नहीं किया है, लेकिन सूत्रों से मिली जानकारी के मुताबिक, कॉल सेंटर पर यह रेड ऑनलाइन ठगी के मामले में की गई है।
जानकारी के मुताबिक, गुरुवार को जयपुर और अजमेर पुलिस ने सिविल लाइन में विधिक सेवा प्राधिकरण कार्यालय के पास कॉल सेन्टर फर्म ग्लोबल पर छापा मारा। पुलिस ने यहां से करीब 5 से 6 कम्प्यूटर, मोबाइल, आधार कार्ड, पैन कार्ड समेत अन्य दस्तावेज जब्त किए हैं। साथ ही देर रात संचालक को हिरासत में लिया गया। पूछताछ में पता चला है कि यहां से युवतियां लोन लेने के इच्छुक लोगों को कॉल करती थी और सस्ती दर पर लोन दिलाने के नाम पर उनसे पैसे ऐंठकर ठगी करती थी।स्टाफ के बंद किए मोबाइल, परिजन पहुंचे

बताया जाता है कि पुलिस ने कॉल सेंटर पर काम करने वाली युवतियों के मोबाइल बंद करा दिए और जब युवतियां और अन्य स्टाफ घर नहीं पहुंचे तो उनके परिजन भी सेंटर पर पहुंच गए। वहां पुलिस कार्रवाई देखकर दहशत में आ गए। देर रात पुलिस ने स्टाफ को छोड़ दिया और संचालक को लेकर थाने पहुंच गई।

चल रही जांच, जल्द करेंगे खुलासा

इस मामले में पुलिस उप अधीक्षक प्रियंका रघुवंशी ने बताया कि शिकायत मिली थी और अभी इस बारे में कुछ भी कहना जल्दबाजी होगा। फिलहाल जांच की जा रही है। जांच पूरी होने पर जल्द ही खुलासा कर दिया जाएगा।