उदयपुर : महाराष्ट्र से पकड़ा गया शादी के नाम पर ठगी करने वाले गिरोह का मास्टरमाइंड

उदयपुर पुलिस ने शादी के नाम पर ठगी करने वाले गिरोह के मास्टरमाइंड लक्ष्मण सिंह जो कि पिछले लंबे समय से फरार चल रहा था को महाराष्ट्र के मलाड से गिरफ्तार कर लिया है। यह कारवाई गोगुंदा निवासी रतन सिंह द्वारा दर्ज कराए गए मामले में की गई। पुलिस ने बताया कि मुखबिर से मिली सूचना के आधार पर लक्ष्मण सिंह को महाराष्ट्र के मलाड से गिरफ्तार किया गया। इस मामले में पुलिस ने लक्ष्मण सिंह के दो साथी मांगू सिंह और भावना को पूर्व में ही गिरफ्तार कर लिया है। फिलहाल, लक्ष्मण सिंह और उसके साथियों से पूछताछ की जा रही है। ताकि पता लगाया जा सके कि रतन सिंह द्वारा पूर्व में कितने और युवकों को शादी के नाम पर ठगी का शिकार बनाया जा चुका है।

पुलिस से दर्ज शिकायत में रतन सिंह ने बताया कि लक्ष्मण सिंह और मांगू सिंह ने उसकी शादी कराने की बात कही थी। इसके लिए पचास हजार की राशि मांगी थी। रतन सिंह ने यह रुपए दे दिए। इसके बाद उन लोगों ने भावना नाम की युवती से रतन सिंह की शादी करवा दी। लेकिन शादी के बाद लक्ष्मण सिंह ने फिर से रतन सिंह से तीन लाख रुपए मांगे। जिन्हें नहीं देने पर भावना घर से बिना बताए भाग गई। उसने कुछ ही दिनों में किसी और व्यक्ति के साथ शादी कर ली। इस पूरे घटनाक्रम के बाद रतन ने बीते साल 12 अगस्त के दिन गोगुंदा थाने में प्रकरण दर्ज करवाया था।