PM मोदी ने देशवासियों को दी दिवाली की शुभकामनाएं, कहा- सभी लोग समृद्ध और स्वस्थ रहें

कोरोना संकट के बीच आज दिवाली का त्योहार है। देशभर में इसे लेकर तैयारियां चल रही हैं। देशभर के बाजारों में चहल-पहल देखने को मिल रही है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी (Narendra Modi In Jaisalmer) हर बार की तरह इस बार भी जवानों के साथ दीपावली का पर्व (Deepawali 2020) मनाएंगे। पीएम मोदी इस बार राजस्थान स्थित जैसलमेर जाएंगे। बताया गया कि सुबह करीब 8:30 बजे पीएम जैसलमेर पहुंचेंगे। इस दौरान उनके साथ चीफ डिफेंस स्टाफ बिपिन रावत, थल सेनाध्यक्ष मनोज मुकुंद नरवणे भी रहेंगे। इससे पहले प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शनिवार को देशवासियों को दिवाली की शुभकामनाएं दीं।

प्रधानमंत्री मोदी ने ट्वीट कर देशवासियों को दिवाली की शुभकामनाएं दीं। पीएम मोदी ने कहा कि सभी देशवासियों को दीपावली की हार्दिक मंगलकामनाएं। सभी को दिवाली की बधाई! यह त्योहार को और अधिक उज्ज्वल और प्रसन्नता दें। सभी लोग समृद्ध और स्वस्थ रहें।

वहीं राष्ट्रपति राम नाथ कोविंद ने शुक्रवार को देशवासियों को दिवाली की शुभकामनाएं दीं। साथ ही नागरिकों से समाज के गरीब, बेसहारा और जरूरतमंद लोगों के लिए आशा और समृद्धि की किरण बनने का संकल्प लेने को कहा। राष्ट्रपति ने अपने संदेश में कहा कि विभिन्न धर्मों और समुदायों के लोगों द्वारा मनाया जाने वाला यह त्योहार देश में एकता और भाईचारे की भावना को मजबूत बनाता है।

राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद ने कहा कि यह हमें मानवता की सेवा करने की प्रेरणा देता है। इस अवसर पर हमें गरीबों, वंचितों और जरूरतमंद लोगों की समृद्धि के लिए उम्मीदों का एक दीपक बनने का संकल्प लेना चाहिए।

राष्ट्रपति ने यह भी कहा कि दिवाली स्वच्छता का भी त्योहार है, इसलिए हमें प्रदूषण मुक्त वातावरण में स्वच्छ दिवाली मनाकर प्रकृति के प्रति सम्मान व्यक्त करना चाहिए। उन्होंने कामना की कि दिवाली का त्योहार देश के हर घर में शांति, समृद्धि और खुशियां लेकर आए।

बता दे, प्रधानमंत्री वायुसेना स्टेशन पर सुबह करीब 8:30 पहुचेंगे जहां एक स्कूल परिसर में जवानों अधिकारियों के साथ दिवाली का त्यौहार मनाने के साथ उन्हें संबोधित कर उनकी हौसला अफजाई करेंगे। विभिन्न सुरक्षा बलों के साथ दिवाली मनाने के बाद प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी फोरवर्ड एरिया में लौंगेवाला में सेना के केंप में जाकर बी।एस।एफ और आर्मी के जवानो-अधिकारियों के साथ पर्व मनाएंगे।

दीपावली की पूर्व संध्या पर प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने शुक्रवार को देशवासियों से अपील की कि वे इस त्योहार के दिन सैनिकों के सम्मान में एक दीया जरूर जलाएं। उन्होंने कहा कि सैनिकों की अनुकरणीय बहादुरी के लिए शब्दों से कृतज्ञता ज्ञापित करने की भावना न्याय नहीं कर सकती।

सैनिकों के सम्मान में जलाएं दीया

मोदी ने ट्वीट किया, 'इस दीपावली हम सभी एक दीया उन सैनिकों के सम्मान में जलाएं जो निडर होकर देश की रक्षा करते हैं। सैनिकों की अनुकरणीय बहादुरी के लिए उनके प्रति शब्दों से कृतज्ञता ज्ञापित करने की भावना न्याय नहीं कर सकती। हम सीमाओं पर डटे सैनिकों के परिवार वालों के प्रति भी कृतज्ञ हैं।'