PM मोदी ने राहुल गांधी को दी जन्मदिन पर बधाई तो कांग्रेस अध्यक्ष ने कही यह बात...

राहुल गांधी (Rahul Gandhi) का आज 49वां जन्मदिन हैं। राहुल गांधी (Rahul Gandhi) का जन्म 1970 में आज ही के दिन हुआ था। राहुल गांधी (Rahul Gandhi) को उनके शुभचिंतक, पार्टी कार्यकर्ता और समर्थक सोशल मीडिया पर बधाई दे रहे हैं। वही इसकी कड़ी में बुधवार को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी (Rahul Gandhi) को उनके जन्मदिन पर बधाई देते हुए उनके अच्छे स्वास्थ्य और दीर्घायु होने की कामना की। पीएम मोदी ने ट्वीट कर लिखा, ''राहुल गांधी को जन्मदिन की शुभकामनाएं। भगवान उन्हें लंबी जिंदगी और अच्छा स्वास्थ्य प्रदान करे।'' लोकसभा चुनावों के दौरान दोनों नेताओं के बीच तीखी बयानबाजी देखने को मिली थी। इन चुनावों में भाजपा के नेतृत्व वाले राजग को भारी बहुमत से जीत मिली। पीएम मोदी के ट्वीट पर राहुल गांधी ने जवाब देते हुए लिखा है, 'बधाई देने के लिए शुक्रिया नरेंद्र मोदी जी। मैं उनकी सराहना करता हूं'

राहुल गांधी का जन्म 1970 में आज ही के दिन हुआ था। राहुल गांधी पहली बार साल 2004 में अमेठी से सांसद बने थे। इसके बाद 2009 और 2014 में भी जनता ने उन्हें जिताकर संसद भेजा। लेकिन 2019 का चुनाव उनके लिए किसी सदमे से कम नहीं रहा। उन्हें कांग्रेस के गढ़ अमेठी में बीजेपी प्रत्याशी स्मृति ईरानी के हाथों हार का सामना करना पड़ा। हालांकि राहुल गांधी ने केरल के वायनाड से भारी मतों से जीत हासिल की।

कांग्रेस ने राहुल के जन्मदिन के मौके पर देशभर में कार्यक्रम आयोजित करने का ऐलान किया है। दिल्ली कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष शीला दीक्षित पार्टी दफ्तर में पेड़ लगाकर कार्यकर्ताओं को संबोधित करेंगी। सोशल मीडिया पर #IAmRahulGandhi और #HappyBirthdayRahulGandhi हैशटेग ट्रेंड करने लगे। कांग्रेस ने अपने टि्वटर पर राहुल गांधी के जन्मदिन एक वीडियो शेयर किया है, जिसका टाइटल है, 'पांच पल जब उन्होंने हर जगह भारतीयों को प्रेरित किया'।

राहुल गांधी नहीं मनाएंगे जन्मदिन

बिहार में चमकी बुखार से हो रही मौतों पर कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी ने बड़ा फैसला लिया है। राहुल गांधी आज यानी बुधवार को अपना जन्मदिन भव्य तरीके से नहीं मनाएंगे। केवल पार्टी कार्यकर्ताओं और बच्चों से मुलाकात करेंगे।

बता दे, पार्टी ने उनकी अध्यक्षता में मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़ और राजस्थान में चुनाव जीता, जिसके बाद राजनीति में राहुल गांधी का कद और ऊंचा हो गया। लेकिन लोकसभा 2019 चुनाव में न्याय स्कीम के ऐलान के बावजूद कांग्रेस इतनी सीट भी नहीं पा सकी कि लोकसभा में उसे प्रमुख विपक्षी दल का दर्जा हासिल हो सके। हार के बाद राहुल गांधी ने कांग्रेस वर्किंग कमिटी में इस्तीफे की भी पेशकश की, जिसे सर्वसम्मति से खारिज कर दिया गया। हालांकि बाद में पार्टी ने कहा कि राहुल गांधी इस्तीफा नहीं देंगे, वे पार्टी अध्यक्ष के पद पर बने रहेंगे।

लोकसभा चुनाव प्रचार के दौरान राहुल गांधी ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर राफेल डील में भ्रष्टाचार के आरोप लगाए थे। राहुल गांधी ने अपने प्रचार के दौरान 'चौकीदार चोर है' के नारे खूब लगाए थे। पीएम मोदी और राहुल गांधी के बीच राजीव गांधी को लेकर भी दोनों में बहस हुए थी। पीएम मोदी ने यूपी में एक रैली के दौरान राजीव गांधी को 'भ्रष्टाचारी नंबर 1' बताया था। इसके जवाब में राहुल गांधी ने पीएम मोदी को झप्पी का ऑफर देते हुए कहा था कि आपके 'कर्मों' का फल मिलेगा। हालांकि, राहुल गांधी की पूरी कोशिश के बाद भी कांग्रेस प्रदर्शन नहीं कर पाई। कांग्रेस के खाते में केवल 52 सीटें आईं।