ईरान पर अमेरिका का बड़ा एक्शन, 5000 पाउंड बम से हमला, होर्मुज में हलचल तेज

मिडिल ईस्ट में ईरान और अमेरिका-इज़रायल के बीच संघर्ष लगातार 19वें दिन भी जारी है। हाल ही में ईरान ने बगदाद स्थित अमेरिकी दूतावास पर ड्रोन हमला किया, जिससे एंबेसी की एक इमारत में आग लग गई। इसी बीच इज़रायल के तेल अवीव में भी ईरानी मिसाइल का मलबा गिरने से रेलवे स्टेशन को गंभीर नुकसान हुआ। इस बीच इज़रायल ने ईरान के दो वरिष्ठ अधिकारियों अली लारीजानी और जनरल गुलाम रजा सुलेमानी को मार गिराया। वहीं अमेरिकी सेना ने स्ट्रेट ऑफ होर्मुज के पास ईरानी मिसाइल साइटों पर 5,000 पाउंड के घातक बम गिराए हैं।

ईरानी मिसाइल साइटों पर अमेरिका का हमला

US CENTCOM ने ट्वीट किया कि कुछ घंटे पहले अमेरिकी सेना ने स्ट्रेट ऑफ होर्मुज के पास ईरानी समुद्र तट पर मिसाइल साइटों को निशाना बनाते हुए 5,000 पाउंड के डीप पेनेट्रेटर बम का सफलतापूर्वक इस्तेमाल किया। इन साइटों पर रखी ईरानी एंटी-शिप क्रूज मिसाइलों के कारण स्ट्रेट ऑफ होर्मुज में अंतरराष्ट्रीय शिपिंग के लिए गंभीर खतरा पैदा हो गया था।
ईरान के दो वरिष्ठ अधिकारियों की मौत

इज़रायल ने बताया कि उसने हालिया हवाई हमलों में दो वरिष्ठ ईरानी सुरक्षा अधिकारियों को मार गिराया। इज़रायली रक्षा मंत्री इसराइल काट्ज़ ने कहा कि ईरान की राष्ट्रीय सुरक्षा परिषद के सचिव अली लारीजानी और रिवोल्यूशनरी गार्ड बासिज फोर्स के चीफ गुलाम रजा सुलेमानी को रात भर के हमलों में निशाना बनाया गया। लारीजानी, अयातुल्ला अली खामेनेई की हत्या के प्रयास के बाद, देश के सबसे प्रभावशाली व्यक्तियों में गिने जाते थे।

ईरान का बदला लेने का ऐलान


ईरान की सुप्रीम सिक्योरिटी काउंसिल ने अधिकारियों की मौत के बाद इज़रायल के खिलाफ जवाबी कार्रवाई का ऐलान किया है। इसके तहत ईरान ने इज़रायल पर मिसाइलों की 61वीं वेव लॉन्च की है। इन हमलों में इज़रायल के तेल अवीव और अन्य शहरों को टारगेट किया गया है। इस कदम से क्षेत्र में तनाव और बढ़ने की संभावना है।