मध्य प्रदेश के इंदौर से एक बेहद चिंताजनक हादसे की खबर सामने आई है। बुधवार, 18 मार्च की सुबह शहर के एक घर में आग लगने की घटना ने पूरे इलाके को दहलाकर रख दिया। जब फायर ब्रिगेड की टीम मौके पर पहुंची, तो पूरा घर जलकर खाक हो चुका था। इस भयंकर आग में छह लोगों की जान चली गई, जबकि तीन अन्य को सुरक्षित बचाया गया। शुरुआती जानकारी के अनुसार यह हादसा एक इलेक्ट्रिक व्हीकल (EV) के चार्जिंग पॉइंट में ब्लास्ट होने के बाद हुआ।
विस्फोट के कारण हुई भयावह तबाही
इंदौर के पुलिस आयुक्त संतोष कुमार सिंह ने बताया कि प्रारंभिक जांच में यह सामने आया है कि घर के बाहर इलेक्ट्रिक वाहन चार्ज किया जा रहा था। इसी दौरान चार्जिंग पॉइंट में अचानक विस्फोट हुआ, जिसके बाद आग घर की ओर तेजी से फैल गई। घर में रखे गए दस से अधिक गैस सिलेंडरों में से कुछ में भी धमाका हुआ। पुलिस ने बताया कि मृतक छह लोग थे, जबकि तीन लोग सुरक्षित निकाले गए। मृतक सभी मनोज पुगलिया के घर में रह रहे थे। मनोज पुगलिया पॉलीमर व्यवसाय से जुड़े थे। इसके अलावा घर में कुछ ज्वलनशील रसायन भी मौजूद थे, जिसने आग की तीव्रता बढ़ा दी। मृतकों के नाम
मनोज पुगलिया (मकान मालिक)
सिमरन
विजय सेठिया
सुमन सेठिया
राशि
छोटू सेठिया
घर के इलेक्ट्रॉनिक लॉक ने बचाव में बाधा डाली
पुलिस आयुक्त ने बताया कि घटना सुबह लगभग 4 बजे हुई। फायर ब्रिगेड ने तुरंत रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू किया, लेकिन आग तेजी से फैल चुकी थी। घर में इलेक्ट्रॉनिक लॉक लगे होने के कारण और पावर कट के चलते ताले नहीं खुले, जिससे बचाव कार्य में बाधा आई। बताया गया कि घर के बेडरूम और अन्य कमरे भी इलेक्ट्रॉनिक ताले से सुरक्षित किए गए थे, जिससे अंदर फंसे लोगों को बाहर निकालना और भी मुश्किल हो गया।