विवादित ट्वीट का असर: चैरिटी ऑर्गेनाइजेशन ने विवेक को दिखाया बाहर का रास्ता

ऐश्वर्या राय बच्चन पर विवादित मीम शेयर करने के कारण विवेक ओबेरॉय की हर तरफ चर्चा हो रही है। हालांकि, उन्होंने मंगलवार को अपने ट्वीट पर माफी मांगते हुए इसे डिलीट कर दिया है। लेकिन उनकी मुश्किलें थमने का नाम नहीं ले रही हैं। असंवेदनशील ट्वीट के बाद एक चैरिटी ऑर्गेनाइजेशन (स्माइल फाउंडेशन) ने विवेक ओबेरॉय को अपने इवेंट से बाहर का रास्ता दिखा दिया है।

स्माइल फाउंडेशन ने एक बयान में लिखा, ‘विवेक ओबेरॉय की सोशल मीडिया पोस्ट के आधार पर स्माइल फाउंडेशन सेलेब्रिटी से खुद को अलग करता है। विवेक को डीएलएफ प्रोमीनाडे में ओडिशा फानी चक्रवात के लिए फंड रेजिंग इवेंट का हिस्सा बनना था। हमारा संस्थान महिला सशक्तिकरण के लिए काम करता है। विवेक ओबेरॉय का बयान हमारी विचारधारा के साथ मेल नहीं खाता है।’

विवेक ओबेरॉय की सोशल मीडिया पर जमकर आलोचना हो रही है। बॉलीवुड सेलेब्स सोनम कपूर, मधुर भंडारकर, अनुपम खेर, उर्मिला मातोंडकर समेत कई सितारों ने विवेक को आड़े हाथों लिया था। सोनम ने विवेक को क्लासलेस कहा था, जिसके जवाब में विवेक ने सोनम को कहा कि वे ज्यादा ओवर रिएक्ट कर रही हैं।