उदयपुर : तेज रफ्तार कार का स्टेयरिंग हुआ लॉक, बेकाबू हो डिवाइडर तोड़ गिरी दूसरी तरफ

उदयपुर के बीएन कॉलेज के बाहर मंगलवार शाम तेज रफ्तार कार अनियंत्रित होकर पलट गई। हादसा इतना भीषण था कि कार दो बार पलटी खाकर डिवाइडर के दूसरी तरफ जा गिरी। हादसे के बाद कार में सवार चालक समेत 4 अन्य युवक सकुशल बाहर निकले। लेकिन कुछ ही देर में चालक और उसके साथी वहां से भाग निकले। इसके बाद वहां मौजूद लोगों ने भूपालपुरा थाना पुलिस को घटना की सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने सड़क पर लगे लंबे जाम को जाम को हटवाया। वहीं क्षतिग्रस्त कार को भी जब्त किया।
प्रत्यक्षदर्शी दुर्गेश ने बताया कि कुम्हारों के भट्टे से तेज रफ्तार स्विफ्ट कार (RJ 27 CC 0295) सेवाश्रम की तरफ जा रही थी। इस दौरान अचानक अनियंत्रित होकर कार पलटी खाकर डिवाइडर के दूसरी तरफ जा गिरी। मामले की जांच कर रहे जांच अधिकारी मन बहादुर थापा ने बताया कि घटना कार का स्टेयरिंग लॉक होने की वजह से हुई। घटना के बाद युवक डर गए थे और मौके से भाग गए थे। बाद में कार के रजिस्ट्रेशन नंबर से उनका पता किया है। चारों युवक जख्मी हैं और निजी अस्पताल में एडमिट हैं।