जयपुर : पुलिस के इशारे पर भी नहीं रूका ट्रक, कांस्टेबल को कुचलकर मारा, ट्रक छोड़ भागा ड्राईवर

बीते दिनों शहर में एक एक कार चालक द्वारा ट्रैफिक कांस्टेबल को कुचलने की कोशिश की गई थी। अब ऐसा ही एक और मामला सामने आया हैं जहां खोह नागोरियान इलाके में आगरा रोड स्थित राजेश मोटर्स के पास गुरुवार दोपहर आगरा की तरफ से आ रहे तेज रफ्तार ट्रक को पुलिस ने रुकने का इशारा किया तो चालक ने ट्रैफिक कांस्टेबल पतराम को कुचल दिया। घटना के बाद चालक ट्रक लेकर भाग गया। पुलिस जवानों ने बाइक से पीछा किया तो चार किलोमीटर आगे जाकर चालक ने ट्रक को एक होटल के पास खड़ा किया और भाग गया।

पुलिस ने ट्रक जब्त कर लिया। इधर दूसरे साथी घायल कांस्टेबल को लेकर एसएमएस हॉस्पिटल पहुंचे। जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। डीसीपी ट्रैफिक आदर्श सिधु ने बताया कि इंटरसेप्टर द्वारा आगरा रोड पर एमवी एक्ट के तहत कार्रवाई की जा रही थी। तभी यह घटना हुई। बता दें कि 13 अक्टूबर को भी जयपुर में एक कार चालक ने ट्रैफिक कांस्टेबल को कुचलने की कोशिश की थी।
पतराम मूलत: अलवर के शाहजहांपुर के रहने वाले थे। जयपुर में परिवार सहित जालूपुरा स्थित दरबार स्कूल सरकारी क्वार्टर में रहते थे। इस संबंध में यातायात पुलिस से इंटरसेप्टर प्रभारी एएसआई बाबूलाल ने ट्रक चालक के खिलाफ खोह नागोरियान थाने में मामला दर्ज कराया है।
जानकारी के अनुसार इंटरसेप्टर प्रभारी एएसआई बाबूलाल जाप्ते के साथ आगरा रोड पर राजेश मोटर्स के पास गाड़ी लगाकर ओवरस्पीड वाहनों के खिलाफ कार्रवाई कर रहे थे। ट्रैफिक कांस्टेबल पतराम इंटरसेप्टर पर चालक के पद पर तैनात थे। दोपहर में करीब साढ़े तीन आगरा की तरफ से आ रहे तेज रफ्तार ट्रक के चालक को रुकने का इशारा किया तो चालक ने बिना रोके पतराम को कुचल दिया। पतराम ट्रक के टायरों के नीचे आ गए। फिर भी चालक ट्रक दौड़ाते हुए भाग गया।