जयपुर : लंदन से गिफ्ट भेजने के नाम पर महिला से लाखों की ठगी, गहने गिरवी रख भेजे पैसे

जयपुर के मालपुरा गेट थाना इलाके में ऑनलाइन ठगी का एक मामला सामने आया जिसमें लंदन से गिफ्ट भेजने के नाम पर महिला से लाखों की ठगी की गई। इसके लिए महिला ने अपने गहने तक गिरवी रख दिए। महिला ने कुल 4.38 लाख बदमाशों को ट्रांसफर कर दिए। इसके बाद रिपोर्ट दर्ज कराई है। जिसमें बदमाश का फेसबुक आईडी लिंक, बैंक खातों की जानकारी दी है। आरोपियों ने महिला को पुलिस केस में फंसाने की धमकी भी दी थी, जिससे घबराकर महिला ने गहने गिरवी रखकर पैसे भेज दिए।

इस संबंध में सीतापुरा निवासी महिला ने धोखाधड़ी की रिपोर्ट दर्ज करवाई है। जिसके अनुसार कुछ दिन पहले महिला के पास विलियम एलेक्स के नाम से फेसबुक पर फ्रेंड रिक्वेस्ट आई थी। उसने खुदको लंदन निवासी बताया और बातें होने लगी। आरोपी ने महिला से कहा कि वह लंदन से एक गिफ्ट भेज रहा है। जो वहां सस्ता और भारत में महंगा मिलता है। महिला आरोपी के झांसे में आ गई। फिर अगले दिन दिल्ली से एक फोन आया। जिसने कहा कि आपका गिफ्ट आया है, जिसके बदले आपको 1.10 लाख रुपए देने होंगे। महिला ने रुपए भेज दिए। फिर दूसरा कॉल आया, जिसने कहा कि हम कस्टम विभाग से बोल रहे हैं। आप ने गैरकानूनी सामान मंगवाया है। अगर आपको यह लेना है तो 3.55 लाख रुपए दे दीजिए, वरना सामान पुलिस को दे देंगे, जिससे आपको जेल हो सकती है। महिला घबरा गई और अपने गहनों पर लोन लेकर बदमाश को रुपए दे दिए।