हरियाणा : ना जानें कहां खो गई इंसानियत, कट्टे में मिली 1 दिन की नवजात बच्ची

हरियाणा के फतेहाबाद के गांव बरसीन में दिल को झकझोर देने वाली बात सामने आई हैं जहां खोती इंसानियत का नजारा देखने को मिला। यहां शुक्रवार सुबह झाड़ियों में 1 दिन की नवजात बच्ची कट्टे में मिली है। बच्ची का पता तब चला जब राहगीरों को झाड़ियों में से बच्ची के रोने की आवाज आई। मामले की सूचना शहर पुलिस को दी गई। शहर थाना प्रभारी सुरेंद्र कंबोज टीम के साथ मौके पर पहुंचे और नवजात बच्ची को सामान्य अस्पताल में पहुंचाया। अस्पताल कर्मचारियों के अनुसार बच्ची 1 दिन की लग रही है। बच्ची के साथ नाल भी जुड़ी हुई थी।
शहर थाना प्रभारी सुरेंद्र कंबोज का कहना है कि सूचना के आधार पर पुलिस जब मौके पर पहुंची तो कट्टे के अंदर बच्ची थी और वह रो रही थी, उस समय बच्ची की हालत काफी नाजुक दिख रही थी। बच्ची को नागरिक अस्पताल में दाखिल करवाया गया है। उसकी हालत में भी सुधार लग रहा है। सामान्य अस्पताल में शिशु रोग विशेषज्ञ न होने कारण प्राइवेट अस्पताल से डॉक्टर बुलाए गए। बच्ची का वजन 2 किलो 400 ग्राम बताया जा रहा है। फिलहाल बच्ची की हालत ठीक बताई जा रही है। अभी तक यह नहीं पता चला है कि कौन बच्ची को यहां छोड़ कर गया है। फिलहाल टीम जांच में जुटी है।