30KG डाइनामाइट लगाकर मिनटों में ऐसे ढहाया भगोड़े नीरव मोदी का 100 करोड़ का बंगला, वीडियो

पीएनबी घोटाले के आरोपी और भगोड़े कारोबारी नीरव मोदी (Nirav Modi) को बड़ा झटका लगा है। नीरव मोदी के महाराष्ट्र के रायगढ़ जिले में अलीबाग स्थित अवैध बंगले को शुक्रवार सुबह ध्वस्त कर दिया गया। रूपन्या नाम का ये बंगला अलीबाग में कीहिम गॉव में समंदर किनारे है। हीरा कारोबारी के रुपण्या (Roopanya) नाम के बंगले को डाइनामाइट से ढहाया गया। नीरव के रुपण्या बंगले को गिराने के लिए पिछले तीन दिन से डेटोनेटर्स और अन्य विस्फोटक लगाने का काम जारी था। इस बंगले को उड़ाने के लिए 50 मजदूरों और तकनीशियन को लगाया गया था।

दरहसल, भगोड़े कारोबारी ने इस बंगले को सीआरजेड कानून का उल्लंघन करके बनाया गया था। कई साल तक कानूनी पेचीदगियों से गुजरने के बाद शुक्रवार सुबह करीब 11 बजे इस बंगले को पूरी तरह जमीदोज कर दिया गया।

33 हजार स्कवायर फीट में फैला था बंगला

- नीरव मोदी का बंगला करीब 33 हजार स्कवायर फीट में फैला था।
- इसकी कीमत करीब 100 करोड़ रुपये बतायी जा रही है।
- रुपण्या को ध्वस्त करने के बाद इस इलाके में बने 160 अन्य बंगले भी गिराए जाएंगे। ये बंगले भी सीआरजेड कानून का उल्लंघन करके समुद्र के किनारे बनाए गए थे।
- बंगले में टीम ने कुल 108 डेटोनेटर्स लगाए थे, इन सभी को आपस में तार से जोड़ा गया था। इसके बाद सभी डेटोनेटर्स को एक साथ ब्लास्ट किया गया।
- पीएनबी घोटोले का आरोपी नीरव मोदी फिलहाल पुलिस की गिरफ्त से बाहर है। वह घोटाले का खुलासा होते ही विदेश भाग गया।

10 दिन में साफ किया जाएगा मलबा

कलेक्टर विजय सूर्यवंशी ने बताया कि एक साथ ब्लास्ट कर बंगले को ध्वस्त करने का फैसला टीम ने पहले ही कर लिया था। उन्होंने बताया कि बंगले की नींव काफी मजबूत थी। ऐसे में इसे जेसीबी से गिराना मुमकिन नहीं था। जिला प्रशासन ने अदालत की अनुमती के बाद ही बंगले में विस्फोटक लगाए। बताया जा रहा है ध्वस्त किए गए बंगले के मलबे को हटाने में कम से कम 10 दिन का समय लगेगा। मलबा हटने के बाद यहां पर पहले की तरह पेड़ लगाने की योजना है।

बंगले को ध्वस्त करने से पहले ईडी को इसमें कीमती सामान भी मिला। इस सभी सामान को ईडी ने अपने कब्जे में ले लिया। ईडी की कोशिश हैं कि बंगले में मिलने वाले कीमती सामान से ज्यादा से ज्यादा रिकवरी की जा सके। तीन महंगी चीजों में एक जकूजी, शैलिंडर और एक बुद्ध की मूर्ती शामिल है। इन तीनों सामान की कीमत करोड़ों में आंकी जा रही है। पीएनबी घोटाले के बाद जब यहां पर छोपमारी की गई तो ये सभी चीजें उसी समय एन्फोर्समेंट डायरोक्टरेट (ED) को मिली थी।

एक फरवरी को महाराष्ट्र सरकार ने बंबई उच्च न्यायालय को बताया कि भगोड़े हीरा कारोबारी नीरव मोदी (Nirav Modi) के अलीबाग स्थित अवैध बंगले को गिराने की प्रक्रिया शुरू हो चुकी है। उच्च न्यायालय ने रायगढ़ जिले के अलीबाग में अवैध निर्माण के खिलाफ कार्रवाई करने का आदेश जारी किया था। मुंबई से लगी हुई यह जगह छुट्टियां मनाने के लिए लोकप्रिय है।