प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी (PM Narendra Modi) शनिवार को पहली विदेश यात्रा पर मालदीव पहुंचे। यहां के रिपब्लिक स्क्वॉयर में मोदी को गार्ड ऑफ ऑनर दिया गया। इस मौके पर मालदीव के राष्ट्रपति मोहम्मद सोलिह भी मौजूद रहे। मोदी मालदीव की संसद को भी संबोधित करेंगे। इससे पहले मालदीव के राष्ट्रपति सोलिह ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को ‘रूल ऑफ निशान इज्जुद्दीन’ देने का ऐलान किया। मालदीव के विदेश मंत्री शाहिद ने ट्विटर पर कहा कि ‘द मोस्ट ऑनरेबल ऑर्डर ऑफ द डिस्टींगुइश्ड रूल ऑफ निशान इज्जुद्दीन’ मालदीव का सर्वोच्च सम्मान है जिसे विदेशी हस्तियों को दिया जाता है।
उन्होंने ट्वीट किया कि मालदीव के राष्ट्रपति इब्राहिम मोहम्मद सोलिह ने मोदी को सर्वोच्च सम्मान ‘द मोस्ट ऑनरेबल ऑर्डर ऑफ द डिस्टींगुइश्ड रूल ऑफ निशान इज्जुद्दीन’ से सम्मानित करने का निर्णय किया है। शाहिद ने ट्वीट में ‘नमस्कार और स्वागतम’ शब्द का भी इस्तेमाल किया।
ये दूसरी बार है, जब मोदी मालदीव की यात्रा पर जा रहे हैं। इससे पहले मोदी पिछले साल राष्ट्रपति सोलिह के शपथ ग्रहण समारोह में मालदीव गए थे। मोदी सरकार की नेबर फर्स्ट (पड़ोसी पहले) की पॉलिसी रही है। 2014 में पहली बार प्रधानमंत्री बनने के बाद भी मोदी अपने पहले विदेश दौरे पर भूटान गए थे। रविवार को श्रीलंका दौरे पर जाएंगे मोदी
मोदी मालदीव से 9 जून को श्रीलंका दौरे पर जाएंगे। 21 अप्रैल को श्रीलंका में हुए बम धमाकों के बाद मोदी वहां जाने वाले पहले विदेशी नेता होंगे। हालांकि, वे यहां कुछ ही घंटे बिताएंगे। मोदी राष्ट्रपति मैत्रीपाला सिरिसेना से मुलाकात करेंगे। श्रीलंका में ईस्टर के दिन हुए बम धमाकों में 11 भारतीय समेत 258 लोगों की जान चली गई थी।प्रधानमंत्री रहते मोदी का यह तीसरा श्रीलंकाई दौरा है। इससे पहले वे 2015 और 2017 में भी श्रीलंका दौरे पर जा चुके हैं। भारतीय विदेश मंत्रालय ने कहा कि मोदी का यह दौरा श्रीलंका सरकार को यह बताने के लिए है कि इस आपदा में हम उनके साथ बराबरी से खड़े हैं। मंत्रालय ने गुरुवार को कहा कि आतंकवाद से निपटने में भारत सरकार श्रीलंका की पूरी मदद करेगा।