मुंबई में ग्रिड फेल होने के कारण पावर कट हो गया है। सोमवार सुबह 10:05 बजे बिजली सप्लाई रुकी। मुंबई में काफी लंबे वक्त के बाद इस तरह बिजली भागी है, जिसका असर अलग-अलग क्षेत्रों में पड़ रहा है। ग्रिड फेल होने के कारण मुंबई की लोकल ट्रेन पर भी असर पड़ा है, कई जगह लोकल ट्रेन रुक गई हैं। बृहन्मुंबई इलेक्ट्रिक सप्लाई एंड ट्रांसपोर्ट (BEST) के प्रवक्ता ने पुष्टि की है कि ग्रिड की खराबी के कारण शहर में बिजली की आपूर्ति बाधित है।
सेंट्रल रेलवे के मुख्य जनसंपर्क अधिकारी सीपीआरओ ने कहा कि ग्रिड बंद होने के कारण उपनगरीय ट्रेन सेवाएं भी बाधित हुई हैं। चर्चगेट और वसई के बीच पश्चिम रेलवे की लोकल ट्रेनों की सेवाएं भी प्रभावित हुईं हैं।
मुंबई के बड़े हिस्से पर ट्रैफिक सिस्टम भी काम नहीं कर रहा है। साथ ही कई जगह लगे सीसीटीवी कैमरे, ट्रैफिक सिग्नल में अवरोध पैदा हुआ है। इसके अलावा कई सरकारी और प्राइवेट दफ्तरों में लोगों के द्वारा लिफ्ट थमने की शिकायत की जा रही है।
इस बीच, ऊर्जा मंत्री नितिन राउत ने कहा है कि मुंबई और आसपास के क्षेत्रों में बिजली की आपूर्ति को बहाल करने का काम किया जा रहा है। एक घंटे में बिजली आ जाएगी। नेशनल स्टॉक एक्सचेंज यानी एनएसई ने एक ट्वीट में कहा कि वहां सामान्य रूप से काम हो रहा है।
मुंबई में इस समय करीब रोजाना 3000-3200 मेगावाट बिजली की खपत होती है। हालांकि, दिन और रात में खपत का रेशो अलग होता है। एक रिपोर्ट के मुताबिक, अडानी इलेक्ट्रिसिटी मुंबई लिमिटेड मुंबई उपनगरों में 27 लाख कंज्यूमर्स को बिजली देता है। इसमें करीब 21 लाख घरेलू उपभोक्ता है। वहीं, टाटा पावर मुंबई में लगभग 7 लाख उपभोक्ताओं को बिजली की आपूर्ति करता है।आपको बता दें कि मुंबई में बिजली संकट तब आया, जब दफ्तर से लौटने और जाने का समय है। ऐसे में लोकल ट्रेन थमने से काफी लोगों पर असर पड़ रहा है। ट्रैफिक सिस्टम काम ना करने के कारण कई जगहों पर पुलिस की तैनाती की गई है, ताकि यातायात चलता रहे।
अमिताभ बच्चन ने ट्वीट किया- पूरे शहर में बिजली नहीं है। किसी तरह ये मैसेज कर पाया हूं। धैर्य रखें, सब अच्छा होगा।
दूसरे ट्वीट में अमिताभ बच्चन ने लिखा- डोंगल काम कर रहा है। मेरे लिए वोडाफान काम कर रहा है। अमिताभ बच्चन के इस मैसेज पर फैंस के ढेरों रिएक्शन आ रहे हैं। कुछ लोगों ने अपने यहां बिजली ना होने की जानकारी दी है। वहीं कुछ लोगों ने जल्द बिजली के आने की उम्मीद जताई है।