MI vs DC : दिल्ली ने टॉस जीतकर पहले करेगी बल्लेबाजी, मुंबई के पास पॉइंट्स टेबल में टॉप पर पहुंचने का मौका

मुंबई इंडियंस (MI) और दिल्ली कैपिटल्स (DC) आईपीएल के 13वें सीजन का 27वां मैच आज अबु धाबी में खेलने जा रहे हैं। मैच की शुरुआत भारतीय समयानुसार शाम 7 बजकर 30 मिनट पर होगी। दिल्ली ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी का फैसला किया। कप्तान श्रेयस अय्यर ने टीम में दो बदलाव किए। विकेटकीपर ऋषभ पंत और शिमरॉन हेटमायर को बाहर किया गया। उनकी जगह एलेक्स कैरी और अजिंक्य रहाणे को मौका मिला। मुंबई के कप्तान रोहित शर्मा ने प्लेइंग इलेवन में कोई बदलाव नहीं किया। मुंबई के कप्तान रोहित शर्मा ने प्लेइंग इलेवन में कोई बदलाव नहीं किया।

दिल्ली अभी शीर्ष पर काबिज है और मुंबई के पास मैच जीतकर पॉइंट्स टेबल में टॉप पर पहुंचने का मौका है। मुंबई के कप्तान रोहित शर्मा के पास लीग में सबसे ज्यादा 39 फिफ्टी लगाने वाले भारतीय प्लेयर बनने का मौका है। वे इस मामले में विराट कोहली और सुरेश रैना को पीछे छोड़ देंगे, जिन्होंने अब तक 38 अर्धशतक लगाए हैं।

दिल्ली-मुंबई में से जीतने वाली टीम टॉप पर पहुंचेगी

दिल्ली इस मैच को जीतकर प्ले-ऑफ की ओर एक कदम ओर बढ़ाना चाहेगी। टीम अब तक 6 में से 5 मैच जीतकर पॉइंट्स टेबल में टॉप पर काबिज है। यह मैच जीतते ही दिल्ली के 12 पॉइंट्स हो जाएंगे, जो एक मजबूत स्थिति होगी।

मुंबई-दिल्ली के महंगे खिलाड़ी

मुंबई में कप्तान रोहित शर्मा सबसे महंगे खिलाड़ी हैं। टीम उन्हें एक सीजन का 15 करोड़ रुपए देगी। उनके बाद टीम में हार्दिक पंड्या का नंबर आता है, उन्हें सीजन के 11 करोड़ रुपए मिलेंगे। वहीं, दिल्ली में ऋषभ पंत 15 करोड़ और शिमरॉन हेटमायर 7.75 करोड़ रुपए कीमत के साथ सबसे महंगे प्लेयर हैं।

पिच रिपोर्ट

अबु धाबी में पिच से बल्लेबाजों को मदद मिल सकती है। यहां स्लो विकेट होने के कारण स्पिनर्स को भी काफी मदद मिलेगी। अबु धाबी में टॉस जीतने वाली टीम पहले गेंदबाजी करना पसंद करेगी। यहां पिछले 44 टी-20 में पहले गेंदबाजी करने वाली टीम की जीत का सक्सेस रेट 56.81% रहा है।

मुंबई ने सबसे ज्यादा 4 बार खिताब जीता

आईपीएल इतिहास में मुंबई ने सबसे ज्यादा 4 बार (2019, 2017, 2015, 2013) खिताब जीता है। पिछली बार उसने फाइनल में चेन्नई को 1 रन से हराया था। मुंबई ने अब तक 5 बार फाइनल खेला है। वहीं, दिल्ली अकेली ऐसी टीम है, जो अब तक फाइनल नहीं खेल सकी। हालांकि, दिल्ली टूर्नामेंट के शुरुआती दो सीजन (2008, 2009) में सेमीफाइनल तक पहुंची थी।

मुंबई का सक्सेस रेट दिल्ली से ज्यादा

आईपीएल में मुंबई इंडियंस का सक्सेस रेट दिल्ली कैपिटल्स से ज्यादा है। मुंबई ने अब तक लीग में अब तक कुल 193 मैच खेले हैं। इनमें उसने 113 जीते और 80 हारे हैं। ऐसे में मुंबई का सक्सेस रेट 58.29% है। वहीं, दिल्ली ने अब तक खेले कुल 183 मैचों में से 82 जीते और 99 हारे हैं। 2 मैच बेनतीजा रहे। दिल्ली का सक्सेस रेट 45.02% है।