राजस्थान : अपनी बच्ची के साथ कुएं में कूदकर महिला ने दी जान, लगे ससुराल वालों पर प्रताड़ना के आरोप

कई बार ससुराल वालों द्वारा महिलाओं को प्रताड़ित किया जाता हैं जिसके चलते वे आत्महत्या का कदम उठा लेती हैं। ऐसा ही कुछ हुआ अजमेर जिले के ग्राम बोगला में एक विवाहिता ने अपनी छह महीने की बच्ची के साथ कुएं में कूद कर अपनी जान दे दी। विवाहिता के पिता ने ससुराल पक्ष पर परेशान करने का आरोप लगाया है। दिनभर घर नहीं लौटने पर ससुराल पक्ष ने तलाश किया तो शाम को शव कुएं में मिले। दोनों के शवों को केकडी भेजकर परिजन को सूचना दी गई।

जानकारी के मुताबिक बोगला निवासी पृथ्वीराज बलाई की पत्नी शीला (22 साल) अपनी छह महीने की बच्ची को लेकर गुरुवार सुबह करीब 11 बजे घर से निकली। बाद में जब नहीं लौटी तो ससुराल पक्ष ने तलाश किया। शाम को उनके खेत के कुएं में शव दिखाई दिए। परिजन ने ग्रामीणों की मदद से शव बाहर निकाले और पुलिस को सूचना दी।

देर रात गांव लौटे पिता दिलखुश बलाई से शुक्रवार सुबह बात की तो उन्होंने बताया कि ससुराल पक्ष वाले शीला को परेशान करते थे। कुएं में कूद कर ऐसे ही तो कोई जान नहीं देगा, ससुराल वाले परेशान करते थे। अब गुरुवार को क्या हुआ, यह तो जांच करने के बाद ही पता चलेगा। जयपुर में मजदूरी करता हूं और अब पुलिस में शिकायत देंगे।