पंजाब : बेटी को जहर खिला खुद भी निगला, अस्पताल पहुंचने से पहले हुई दोनों की मौत

अक्सर इंसान किन्हीं कारणों की वजह से अवसाद से ग्रसित हो जाता हैं और इसके चलते खुद को नुकसान पहुंचाता है। ऐसा ही कुछ देखने को मिला पंजाब के पठानकोट के गांव सिंधूरी में जहां अवसाद की शिकार 31 वर्षीय महिला ममता ने पहले सात वर्षीय बेटी सहजल को जहर खिलाया और फिर खुद निगल लिया। दोनों की अस्पताल पहुंचने से पहले ही मौत हो गई। थाना शाहपुरकंडी पुलिस मामले की जांच कर रही है। थाना प्रभारी इंस्पेक्टर भारत भूषण सैनी ने बताया कि महिला का पति परमिंदर सिंह और भाई दोनों सऊदी अरब में रहते थे।

एक महीना पहले ही दोनों पठानकोट आए थे। मंगलवार देर रात दोनों किसी समारोह में शामिल होने गए थे। घर में ममता बच्चों के साथ थी। इसी दौरान परमिंदर सिंह को 11 वर्षीय बेटे का फोन आया कि मां और बहन की हालत अचानक बिगड़ गई है। उन्हें अस्पताल ले जाया जा रहा है। इस पर महिला का पति और भाई दोनों पटेल चौक स्थित अस्पताल पहुंचे। वहां पहुंचने से पहले ही महिला और बच्ची की मौत हो चुकी थी।

एसएचओ सैनी ने बताया कि जांच में सामने आया है कि परिवार में कोई झगड़ा नहीं था। 12 वर्ष पहले इनकी लव मैरिज हुई थी। घटना के समय महिला का पति और भाई दोनों साथ थे। महिला के भाई मोहित ने बताया है कि ममता कुछ समय से अवसाद में थी और उसकी दिमागी हालत ठीक नहीं थी। उसका इलाज करवाया जा रहा था। उसने गलती से कोई जहरीला पदार्थ खुद भी खा लिया और बेटी को भी खिला दी। एसएचओ सैनी ने बताया कि 174 सीआरपीसी के तहत मामला दर्ज किया गया है। पोस्टमार्टम कराने के बाद शव परिजनों को सौंप दिए गए हैं।