बूंदी : 8 दिन बाद बरधा डेम में मिला लापता विवाहिता का शव, ससुराल पक्ष पर दहेज प्रताड़ना का मामला दर्ज

जिल के तालेड़ा इलाके में शुक्रवार रात तब सनसनी मच गई जब 8 दिन से लापता विवाहिता का शव बरधा डेम में मिला। थानाधिकारी दिग्विजय सिंह ने बताया कि रात को सूचना मिली कि एक युवती का शव बरधा डेम में पड़ा हुआ है। लाश मिलने का पता चलने पर लोगों में सनसनी फैल गई। पुलिस ने डेम से शव को बाहर निकलवाया। पुलिस ने पोस्टमार्टम करवाकर शव परिजनों को सौंप दिया। मृतका के पिता ने ससुराल पक्ष पर दहेज के लिए प्रताड़ित करने और हत्या कर शव फेंकने का आरोप लगाते हुए मामला दर्ज कराया है।

मृतका की पहचान दीप कंवर (25) पत्नी जुगराज भील निवासी मानपुरिया तालेड़ा के रूप में हुई। 24 जनवरी को तालेड़ा थाने में उसके पिता ने दीप कंवर की गुमशुदगी दर्ज करवाई गई थी। मृतका के पिता दुर्गा लाल भील ने ससुराल पक्ष पर दहेज प्रताड़ना के लिए हत्या कर शव बांध में फेंकने का आरोप लगाया है। आरोप है कि 6 साल पहले उसकी शादी जुगराज से हुई थी। शादी के बाद से भी सास-ससुर उसे दहेज के लिए प्रताड़ित करने लगे और पति शराब के नशे में मारपीट। पिछले 2 साल से उसे पीहर भी नहीं जाने दिया जा रहा था। 22 जनवरी को बेटी से ससुराल मिलने पहुंचा तो ससुराल पक्ष ने उसे यह कहते हुए रवाना कर दिया कि आप की बेटी तो पता नहीं कहां चली गई है। जिसके बाद उसके लापता होने का मामला दर्ज करवाया गया था।