माउंट आबू में लगातार चौथे दिन माइनस में रहा पारा, कड़ाके की ठंड ने छुड़ा दी कंपकंपी, खुली जगहों पर जमी बर्फ की चादर

राजस्थान में ठंड का कहर जारी हैं जिसने लोगों की ठिठुरने पर मजबूर कर दिया हैं। कंपकंपी छुड़ाती हुई इस ठंड का आलम यह हैं कि हिल स्टेशन माउंट आबू में लगातार चौथे दिन पारा माइनस में रहा और खुली जगहों पर बर्फ की चादर बिछ गई। बुधवार का यहां का न्यूनतम तापमान 1 डिग्री की गिरावट के साथ माइनस 4 डिग्री पहुंच गया है। मंगलवार की रात सीजन की सबसे सर्द रात रही। मौसम विभाग के अनुसार माउंट आबू सहित जिले भर में अगले सप्ताह भर तक ऐसा ही मौसम बना रहने की संभावना है। माउंट आबू में तापमान भी जमाव बिंदु और इससे नीचे रहने का अनुमान है।

माउंट में बुधवार को सुबह नक्की झील पर खड़ी बोट की सीट, बगीचों और मैदान में घास, मकान के छज्जों, खुले में खड़ी कारों के शीशों और छतों पर बर्फ की परत जम गई। गुरु शिखर, अचलगढ़, दिलवाड़ा और ओरिया क्षेत्र में पेड़ों की पत्तियों और झाड़ियों पर भी बर्फ जमी जर आई। कड़ाके की ठंड के कारण लोग सुबह देर तक घरों में ही रहे। सूरज निकलने पर लोग घरों की छत पर धूप सेंकते नजर आए। धूप खिलने के बाद भी लोगों को सर्दी से राहत नहीं मिल पा रही है। शहर में सुबह जगह-जगह बर्फ जमने के साथ ही घना कोहरा छाया नजर आया। माउंट का अधिकतम तापमान 20 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। माउंट आबू में 10 से 12 किलोमीटर प्रति घंटा की गति से ठंडी हवा चलने से भी गलन बढ़ गई है। माउंट आबू में शीतलहर चलने से आम जनजीवन काफी प्रभावित हुआ है।