महाराष्ट्र : विधानसभा सचिवालय ने जयंत पाटिल को माना NCP विधायक दल का नेता

महाराष्ट्र (Maharashtra) पर राजनीति का दंगल जारी है, सत्ता की कशमकश के बीच अजित पवार (Ajit Pawar) को बड़ा झटका लगा है। राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (NCP) ने जयंत पाटिल (Jayant Patil) को विधायक दल का नेता बनाया है। एनसीपी के पत्र के आधार पर अब विधानसभा में एनसीपी विधायक दल के नेता जयंत पाटिल होंगे और उनका व्हीप ही अंतिम होगा।

दरअसल, दो दिन पहले एनसीपी ने अजित पवार को हटाकर जयंत पाटिल को विधायक दल का नया नेता चुना था। इससे पहले अजित पवार इस पद पर थे। आगे के सारे अधिकार शरद पवार और प्रदेश अध्यक्ष होने के नाते पाटिल को दिए गए हैं। आगे क्या रणनीति अपनानी है, क्या करना है, वह शरद पवार साहब तय करेंगे।

कौन हैं जयंत पाटिल?

शरद पवार (Sharad Pawar) के बेहद करीबी नेताओं में शुमार जयंत राजाराम पाटिल महाराष्ट्र की राजनीति में जाना-माना नाम हैं। वे इस्लामपुर वालवा विधानसभा क्षेत्र से विधायक हैं। वे पृथ्वीराज चव्हाण सरकार में ग्रामीण विकास मंत्री रहे हैं। इससे पहले वे वित्त मंत्री और गृह मंत्री भी रहे हैं।

साल 1962 में जन्‍मे जयंत पाटिल महाराष्‍ट्र के मशहूर नेता राजाराम पाटिल के बेटे हैं। 1984 में उनकी मृत्‍यु के बाद जयंत पाटिल राजनीति में आए। वह इस्‍लामपुर वालवा सीट से छह बार विधायक रहे हैं। 1999 से 2008 के बीच वह कांग्रेस और एनसीपी की राज्य सरकार में वित्त मंत्री रहे। साल 2008 में हुए मुंबई हमलों के बाद जब महाराष्‍ट्र के गृह मंत्री आरआर पाटिल ने इस्‍तीफा दे दिया तो उनके बाद जयंत पाटिल ने राज्‍य के गृह मंत्री का पद भार संभाला। महाराष्‍ट्र पुलिस के आधुनिकीकरण में उनकी अहम भूमिका रही है। वह महाराष्ट्र के ग्रामीण विकास मंत्री भी रह चुके हैं।