महाराष्ट्र, गोवा समेत 8 राज्यों में आतंकी हमले की बात निकली गलत, फोन कॉल फर्जी, आरोपी शख्स गिरफ्तार

श्रीलंका में ईस्टर के दिन हुए आतंकी हमलों के बाद भारत के तटीय राज्यों में कोस्ट गार्ड, कोस्टल मरीन पुलिस और स्थानीय पुलिस पहले से अलर्ट पर हैं। इस बात की आशंका है कि श्रीलंका ब्लास्ट में शामिल कुछ आतंकी समुद्री रास्ते से भारत में घुस सकते हैं। इस बीच, एक शख्स के फोन कॉल ने जांच अधिकारियों को और भी परेशान कर दिया, लेकिन अब स्पष्ट हो गया है कि यह कॉल फर्जी था। दरहसल, बेंगलुरु पुलिस को फोन कर एक शख्स ने दावा किया कि उसके पास सूचना है कि आतंकी कर्नाटक समेत 8 राज्यों में हमलों को अंजाम देने की साजिश रच रहे हैं। खुद को लॉरी ड्राइवर बताते हुए स्वामी सुंदर मूर्ति नाम के एक शख्स ने शुक्रवार शाम साढ़े 5 बजे बेंगलुरु सिटी पुलिस के कंट्रोल रूम को फोन किया था।

शख्स ने दावा किया कि उसके पास ऐसी सूचना है कि तमिलनाडु, कर्नाटक, केरल, आंध्र प्रदेश, तेलंगाना, पुड्डुचेरी, गोवा और महाराष्ट्र के बड़े शहर आतंकियों के निशाने पर हैं। शख्स ने दावा किया कि आतंकी इन राज्यों में ट्रेनों में हमला कर सकते हैं। उसने यह भी दावा किया कि तमिलनाडु के रामनाथपुरम में 19 आतंकवादी मौजूद हैं। इस फोन कॉल के बाद कर्नाटक पुलिस ने सभी संबंधित राज्यों की पुलिस को खत लिखकर जरूरी कदम उठाने की गुजारिश की है। लेकिन अब जांच के बाद स्पष्ट हो गया कि 65 साल के एक ड्राइवर और पूर्व सैनिक ने यह फर्जी कॉल किया था। आरोपी शख्स को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है।