भोपालः कमलनाथ ने हटाई RSS दफ्तर से सुरक्षा, दिग्विजय सिंह ने करी यह अपील

कल रात मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री कमलनाथ ने राजधानी भोपाल में राष्ट्रीय स्वंय सेवक संघ के कार्यालय से सुरक्षा हटा ली थी। जिसके बाद कांग्रेस के अंदर ही खींचतान शुरू हो गई है। मुख्यमंत्री पर सवाल उठाते हुए दिग्विजय सिंह ने ट्वीट कर संघ कार्यालय की सुरक्षा बहाल करने की अपील की है। उन्होंने मुख्यमंत्री कमलनाथ को अनुरोध करते हुए कहा कि भोपाल राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ कार्यालय से सुरक्षा हटाना बिल्कुल उचित नहीं है। तत्काल पुन: पर्याप्त सुरक्षा देने के आदेश दें।' दिग्विजय सिंह भोपाल लोकसभा क्षेत्र से चुनावी मैदान में हैं।

वहीं मध्यप्रदेश विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष गोपाल भार्गव ने सुरक्षा हटाये जाने पर कड़ी प्रतिक्रिया देते हुए ट्वीट किया है कि 'भोपाल स्थित राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के कार्यालय से सुरक्षा का हटाया जाना कमलनाथ का बेहद ही निंदनीय कदम है। कांग्रेस की ओर से शायद फिर किसी हमले की योजना बनाई गई है, अगर किसी स्वयंसेवक को खरोंच भी आई तो कांग्रेस सरकार की ईंट से ईंट बजा दी जाएगी।'

दरहसल, कमलनाथ सरकार ने सोमवार रात आरएसएस ऑफिस से सुरक्षा हटाने का आदेश जारी किया था। आरएसएस का यह दफ्तर मध्यप्रदेश और छत्तीसगढ़ का केंद्र है और मध्य प्रांत की महत्वपूर्ण बैठकें यहां होती हैं। जिसके चलते संघ से जुड़े तमाम महत्वपूर्ण लोग इस कार्यालय में पहुंचते हैं। बीजेपी के कई बड़े नेताओं का भी इस कार्यालय में आना जाना लगा रहता है