लखनऊ : 80 साल की सुशीला को मार डालने वाले पिटबुल को नगर निगम ने किया जब्त, लाइसेंस भी किया कैंसिल

उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ में पिटबुल के हमले में 80 वर्षीय महिला की मौत हो गई थी। इसके बाद पूरे इलाके में दशहत का माहौल है। इस बीच आज गुरुवार को लखनऊ नगर निगम ने पिटबुल को जब्त कर लिया है। पिटबुल को नगर निगम के एनिमल बर्थ कंट्रोल सेंटर में रखा जाएगा। इसके साथ ही पिटबुल के लाइसेंस को निरस्त कर दिया गया है।

गुरुवार सुबह मालिक अमित ने पिटबुल के चेहरे को ढका और उसे नगर निगम की गाड़ी तक पहुंचाया। इसके बाद उसे नगर निगम के एनिमल बर्थ कंट्रोल सेंटर में लाया गया और स्पेशल केज में रखा गया है।

लखनऊ नगर निगम के अधिकारियों का कहना है कि हमने पिटबुल के लाइसेंस को कैंसिल करके उसे जब्त कर लिया है और उसे स्पेशल केज में रखा गया है, साथ ही उसके स्वभाव पर रिसर्च करने के लिए चार लोगों के पैनल का गठन किया गया है, जो यह पता लगाने की कोशिश करेगा कि आखिर पिटबुल ने अपनी मालकिन को क्यों मार डाला।

क्या है पूरा मामला?

लखनऊ के बंगाली टोला की रहने वाली सुशीला त्रिपाठी पर उनके ही पिटबुल 'ब्राउनी' ने मंगलवार सुबह हमला कर दिया था। हर रोज की तरह रिटायर शिक्षिका सुशीला त्रिपाठी अपने पिटबुल 'ब्राउनी' और लेब्राडोर को लेकर टहलाने के लिए गई थीं। इसी बीच पिटबुल ने अचानक सुशीला त्रिपाठी पर हमला कर दिया। पिटबुल ने पूरा जोर लगाकर सुशीला त्रिपाठी पर हमला किया और शरीर के कई जगह को काट डाला। पड़ोसियों का कहना है कि हमले के बाद पिटबुल ने महिला की मांस को नोच-नोचकर खा रहा था। एक पड़ोसी ने कहा, 'चीख सुनकर बाहर आए तो देखा कि पिटबुल ने सुशीला त्रिपाठी पर हमला किया और वह खून से लथपथ गिरी पड़ी हैं।'