...जब प्रियंका गांधी का सुरक्षा घेरा तोड़कर उनसे मिलने पहुंच गया शख्स, वीडियो

उत्तर प्रदेश में कांग्रेस के स्थापना दिवस समारोह के दौरान उस समय अफरा-तफरी मच गई जब एक अंजान शख्स सुरक्षा घेरा तोड़ते हुए प्रियंका प्रियंका गांधी से मिलने पहुंच गया। दरअसल, कांग्रेस के स्थापना दिवस पर उत्तर प्रदेश के लखनऊ में एक कार्यक्रम का आयोजन किया गया है इस दौरान प्रियंका गांधी नेताओं के साथ बैठी हुई थीं, तभी एक शख्स दौड़ता हुआ उनका सुरक्षा घेरा तोड़ते हुए उनके पास पहुंच गया। वह प्रियंका से हाथ मिलाता इससे पहले ही सुरक्षाकर्मियों और नेताओं ने उसे पकड़ लिया। इसके बाद खुद प्रियंका गांधी ने उसे छुड़वाया और उससे बात की।

बाद में पता चला कि वह कांग्रेस का ही कार्यकर्ता है। इनका नाम गुरमीत सिंह गांधी है। इन्होंने 550वें प्रकाशोत्सव को लेकर एक तस्वीर प्रियंका गांधी को भेंट की। पता चला कि गुरमीत भीड़ में काफी देर तक प्रयास कर रहे थे लेकिन प्रियंका तक पहुंच नहीं पा रहे थे। अचानक मौका मिला तो दौड़कर उनके पास पहुंच गए।

आपको बता दे, इससे पहले भी प्रियंका गांधी की सुरक्षा में बड़ी चूक सामने आई थी। 25 नवंबर को 5 लोग फोटो खिंचवाने के लिए लोधी स्टेट में प्रियंका गांधी आवास में घुस गए थे। खबर के अनुसार ब्लैक स्कॉर्पियो में सवार 3 महिलाएं और 2 युवक जबरन प्रियंका के आवास में घुस आए थे। जानकारी दी गई कि वे पांचों प्रियंका के साथ सेल्फी लेने के लिए घर में घुस गए थे। इस मामले को लेकर प्रियंका के कार्यालय ने चिट्ठी लिखी है। कार्यालय ने कहा कि सीआरपीएफ लापरवाही के साथ काम कर रही है। बताया गया कि मामला सीआरपीएफ डीजी के पास है और इसकी जांच चल रही है। बता दें कि नवंबर महीने में ही गांधी परिवार को जेड-प्लस सुरक्षा प्रदान की गई है, जिनमें सीआरपीएफ के जवान शामिल होते हैं। इससे पहले उन्हें एसीपीजी सुरक्षा मिली हुई थी।