कांग्रेस में शामिल हुईं एक्ट्रेस उर्मिला मातोंडकर, उत्तर मुम्बई से लड़ सकती हैं चुनाव!

हिन्दी फिल्मों में ‘रंगीला गर्ल’ के नाम से ख्यात रही अभिनेत्री उर्मिला मातोंडकर ने आज कांग्रेस पार्टी ज्वाइन कर ली है। उर्मिला ने राहुल गांधी की मौजूदगी में कांग्रेस पार्टी की सदस्यता ली। इस दौरान की एक तस्वीर कांग्रेस के आधिकारिक ट्विटर पर शेयर की गई।

उर्मिला मातोंडकर के साथ इस तस्वीर में राहुल गांधी नजर आ रहे हैं और वो फूलों के गुलसदस्ते से उनका अभिनंदन करते नजर आ रहे हैं। उर्मिला मातोंडकर ने कांग्रेस ज्वाइन करने के बाद मीडिया से बात भी की। अभी तक ये साफ नहीं किया गया है कि उर्मिला को कहां से चुनाव लड़वाया जाएगा। खबरों के मुताबिक कांग्रेस इस अभिनेत्री को North Mumbai सीट पर अपना उम्मीदवार बना सकती है। बता दे, वर्ष 2004 में हुए लोकसभा चुनाव में इस सीट को कांग्रेस ने जीता था। उस वक्त कांग्रेस ने इस सीट से बॉलीवुड अदाकार गोविन्दा को उतारा था। गोविन्दा ने भाजपा के कद्दावर नेता राम नाईक को करारी शिकस्त दी थी। कांग्रेस एक बार फिर से पुरानी रणनीति पर काम करते हुए उर्मिला के बहाने 2004 का इतिहास 2019 में दोहराना चाहती है। लोकसभा चुनाव 2019 में नॉर्थ मुंबई से मराठी अभिनेत्री आसावरी जोशी और शिल्पा शिंदे ने भी कांग्रेस से टिकट की मांग की थी। अगर उर्मिला को इस सीट से कांग्रेस उम्मीदवार बनाती है तो उनका मुकाबला वर्तमान में सांसद गोपाल शेट्टी से होगा। यह सीट भाजपा का मजबूत गढ़ मानी जाती है, ऐसे में उर्मिला के सामने गोपाल शेट्टी को पटखनी देना काफी मुश्किल साबित हो सकता है।

मुम्बई नार्थ वेस्ट सीट से कांग्रेस के उम्मीदवार संजय निरुपम के मुताबिक जिस उत्तर मुंबई सीट को उन्होंने छोड़ा है वहां से कोई कांग्रेस का नेता चुनाव लड़ने को तैयार नहीं। पिछली बार निरुपम यहां से साढ़े 4 लाख वोटों से हारे थे। यही वजह है कि इस बार कांग्रेस यहां से अभिनेत्री उर्मिला मातोंडकर को उतारने के लिए उन्हें मना रही है।

फिल्मों की बात करें तो उर्मिला मातोंडकर रंगीला, जुदाई, सत्या, कौन, भूत, मस्त, दिल्लगी, जंगल जैसी फिल्मों में बेहतरीन एक्टिंग करके दर्शकों का दिल जीत चुकी है। कुछ समय पहले उर्मिता फिल्क 'ब्लैकमेल' के गाने 'बेवफा ब्यूटी' में नज़र आईं थीं।