17 वीं लोकसभा के चुनाव के लिए 20 राज्यों की 91 सीटों पर मतदान का सिलसिला गुरुवार से शुरू हो गया। ईवीएम की बटन दबाने के साथ प्रत्याशियों की किस्मत उसमें कैद हो जाएगी, जो 23 मई को मतगणना के बाद खुलेगी। इस चुनाव में पहली बार वोट डालने वाले 7।6 करोड़ वोटर्स होंगे। सभी राज्यों में राजनीतिक दल इनकी ओर आशा भरी निगाहों से देख रहे हैं। राजनीतिक दलों के घोषणापत्रों में भी इनके लिए विशेष वादे किये गये हैं। वोट डालने के लिए आपको अपना नाम खोजने के अलावा कुछ चरणों को पूरा करना होगा। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने मतदाताओं से पहले मतदान करने की और इसके बाद जलपान करने की अपील की। पीएम मोदी ने युवाओं और फर्स्ट टाइम वोटर्स से मतदान करने के लिए विशेष आग्रह किया है। बीजेपी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह ने भी लोगों से भारी संख्या में वोट करने की अपील की है। उन्होंने कहा कि एक मजबूत और ईमानदार नेतृत्व के लिए लोग वोट करें। बीजेपी अध्यक्ष ने वोटिंग वाले राज्यों के लोगों से एक निर्णायक सरकार के चयन के लिए वोटिंग की अपील की। नोएडा, मेरठ, नागपुर में वोटिंग के लिए मतदाताओं में भारी उत्साह देखने को मिल रहा है। लोग सुबह से ही पोलिंग बूथों पर अपने अधिकार का प्रयोग करने के लिए लाइन में लगे दिख रहे हैं। वहीं, बागपत में मतदाताओं को प्रोत्साहित करने के लिए उन पर फूलों की बरसात की गई।
ढोल बजाकर किया स्वागतन्यूज एजेंसी ANI की रिपोर्ट के मुताबिक, बागपत के बड़ौत में मतदान केंद्र संख्या 126 पर मतदाताओं के स्वागत के लिए फूलों की पंखुड़ियों की बौछार की जा रही है। इसके साथ ही मतदाताओं का ढोल बजाकर स्वागत किया जा रहा है।
पहले चरण में 1.5 करोड़ मतदाता करेंगे अपने अधिकार का प्रयोगपहले चरण में लगभग डेढ करोड़ मतदाता अपने मताधिकार का इस्तेमाल करेंगे। इनमें 82, 24, 000 पुरुष तथा 68, 39, 000 महिलाएं शामिल हैं। इस चरण के लिए कुल 6716 मतदान केंद्र और 16581 मतदेय स्थल बनाए गए हैं। उन्होंने बताया कि स्वतंत्र एवं निष्पक्ष चुनाव सुनिश्चित करने के लिए सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किये गये हैं।
दिग्गजों की साख लगी है दांव परबता दें कि आज पहले चरण में 1279 उम्मीदवार मैदान में हैं। दिग्गज नेताओ में महाराष्ट्र से केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी, वीके सिंह, महेश शर्मा, आरएलडी चीफ अजीत सिंह, असदुद्दीन ओवैसी और हरीश रावत वो बड़े चेहरे हैं जिनकी किस्मत आज ईवीएम में कैद हो जाएगी।