प्रियंका गांधी की राजनीति में एंट्री और SP-BSP गठबंधन का BJP पर कोई असर नहीं होगा : योगी आदित्यनाथ

अपने एक ताजा इंटरव्यू में उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ (Yogi Adityanath) का कहना है कि प्रियंका गांधी (Priyanka Gandhi) की राजनीति में एंट्री और एसपी-बीएसपी गठबंधन का भारतीय जनता पार्टी पर कोई असर नहीं होगा। बता दें कि लोकसभा चुनाव के लिए समाजवादी पार्टी और बहुजन समाज पार्टी ने गठबंधन किया है। सीटों पर दोनों के बीच सहमति भी बन चुकी है। राज्‍य में समाजवादी पार्टी 37 सीटों पर चुनाव लड़ेगी, जबकि बीएसपी 38 सीटों पर चुनाव लड़ने जा रही है। तीन सीट राष्‍ट्रीय लोकदल (RLD) को दी गई हैं। वह मथुरा, मुजफ्फरनगर और बागपत से चुनाव लड़ेगी। रायबरेली और अमेठी लोकसभा क्षेत्र को कांग्रेस के लिए छोड़ा गया है। हालांकि, उन्हें गठबंधन का हिस्सा नहीं बनाया गया है। वहीं लोकसभा चुनाव को देखते हुए जनवरी में प्रियंका गांधी सक्रिय राजनीति में उतरीं थीं। उनके भाई और कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी ने उन्हें पार्टी महासचिव नियुक्त किया था और उत्तर प्रदेश-पूर्व की जिम्मेदारी सौंपी थी।

कांग्रेस द्वारा प्रियंका को महासचिव बनाने के बारे में जब योगी से पूछा गया तो उन्होंने कहा यह पार्टी का आंतरिक मामला है और प्रियंका पहले भी कांग्रेस के लिए रैली करती रही हैं। इस बार भी इसका बीजेपी पर कोई असर नहीं पड़ने वाला है। सपा-बसपा के गठबंधन पर योगी ने कहा कि वह पहले से ही विवादों में बना हुआ है।

योगी बोले कि गठबंधन और कुछ नहीं बल्कि 'हौवा' है। मुख्यमंत्री ने एयर स्ट्राइक, राम मंदिर और गो हत्या जैसे मुद्दों पर किये गए तमाम सवालों का जवाब दिए।