किसान का 40 हजार का कर्ज ब्याज लगते-लगते एक लाख हो गया, धन्नासेठों के करोड़ों चुटकी में हो जाते है माफ : प्रियंका गांधी

यूपी के किसानों की दशा को लेकर बीजेपी की राज्य सरकार और केंद्र की एनडीए सरकार पर निशाना साधते हुए कांग्रेस की महासचिव और पार्टी की स्टार प्रचारक प्रियंका गांधी (Priyanka Gandhi) ने निशाना साधा है। प्रियंका गांधी ने उत्तर प्रदेश के बरोखार खुर्द गांव के किसान ज्ञान सिंह को बैंक द्वारा कर्ज की वसूली के लिए दिए गए नोटिस की फोटो जोड़कर एक ट्वीट किया है।

इस ट्वीट में उन्होंने कहा है कि यह अन्याय और किसानों की पीड़ा देखिए। 40 हजार का कर्ज, ब्याज लगते-लगते एक लाख हो गया। देश के धन्नासेठों का 5.5 लाख करोड़ कर्जा यह सरकार चुटकी में माफ कर देती है, मगर किसानों को कर्ज न चुका पाने पर मुकदमे की धमकी देती है। यह अन्याय खत्म होगा। अब होगा 'न्याय'। गौरतलब है कि कांग्रेस ने लोकसभा चुनाव के घोषणा पत्र में अपनी महत्वाकांक्षी योजना 'न्याय' का ऐलान किया है। इस योजना से सभी वंचितों को आर्थिक मदद दी जाएगी।