लोकसभा चुनाव के आखिरी चरण के प्रचार के अंतिम दिन हिमाचल के सोलन में सभा को संबोधित करते हुए कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी ने पीएम मोदी पर निशाना साधते हुए कहा कि हिंदुस्तान के पीएम को समझ ही नहीं है। मोदी एयर स्ट्राइक के समय वायु सेना के विशेषज्ञों को ज्ञान देते हैं। पीएम ने एयरफोर्स के लोगों को कहा- घबराओ मत। बादलों से हमें फायदा मिलेगा। रडार हवाईजहाज को बादलों में नहीं देख पाएगा। उन्होंने मोदी से पूछा कि क्या जब बादल आते हैं तो जेट, इंडिगो के हवाई जहाज गायब हो जाते हैं। राहुल ने कहा कि सच यह है कि हिंदुस्तान के पीएम को समझ ही नहीं है। राहुल ने कहा- मैं हर दो दिन में प्रेस वालों से मिलता हूं। पूछो जो पूछना है। मुझसे कहते हैं न्याय के बारे में बताइए। किसान के बारे में बताइए। मैं मोदी जी से पूछना चाहता हूं- आम कैसे खाते हैं।
राहुल ने कहा कि एसपीजी वालों ने मुझे बताया है कि नोटबंदी से पहले मोदी ने कैबिनेट को ताले से बंद कर दिया था। अरुण जेटली, सुषमा स्वराज, अडवाणी जी के पास एक्सपीरियंस हैं। लेकिन, जिनको समझ है, मोदी उनकी नहीं सुनते। बस, अपनी दुनिया में हैं। उधर, गले मिलना तो छोड़ो अडवाणीजी को तो देखते ही नहीं हैं। अरे मोदी जी, यह आपके गुरू हैं। पुलवामा के वक्त कांग्रेस देश की सरकार के साथ थी
राहुल ने पुलवामा हमले का भी जिक्र किया। कहा- पुलवामा अटैक के समय मैंने प्रेस कांफ्रेंस किया और सरकार के साथ खड़ा रहने की बात की। लेकिन, जब ताज होटल में आतंकवादी हिंदुस्तान में अटैक कर रहे थे। तब नरेंद्र मोदी माइक लेकर प्रेस कांफ्रेंस कर सरकार को घेरने में लगे थे।