बिगड़े बोल : राबड़ी देवी ने PM मोदी को बताया जल्लाद, BJP-JDU को बताया गंदी नाली का कीड़ा

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के खिलाफ सारी मर्यादाएं लांघते हुए बिहार की पूर्व मुख्यमंत्री और राष्ट्रीय जनता दल (आरजेडी) नेता राबड़ी देवी ने विवादित बयान दिया है। राबड़ी देवी ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर साधा निशाना साधते हुए उन्हें भी जल्लाद कहा। साथ ही बीजेपी और जेडीयू को गंदी नाली और बाथरूम का कीड़ा तक बता दिया। मीडिया ने जब प्रियंका गांधी के दुर्योधन वाले बयान पर राबड़ी देवी से पूछा तो उन्होंने कहा कि उन्हें दूसरी भाषा बोलनी चाहिए। जब ये लोग (बीजेपी वाले) रातों रात पत्रकार और जज की हत्या करवा सकते हैं तो उन्हें (प्रियंका को) दूसरी भाषा बोलनी चाहिए। राबड़ी यहीं नहीं रुकी उन्होंने कहा कि ये लोग (बीजेपी वाले) जल्लाद हैं।

राबड़ी देवी ने कहा कि प्रियंका गांधी ने दुर्योधन बोलकर गलती कर दी है। उनको किसी और भाषा का प्रयोग करना चाहिए। इसके अलावा राबड़ी देवी ने कहा कि नरेंद्र मोदी 2014 में विकास लेकर आए थे और विनाश कर जा रहे हैं। नरेंद्र मोदी ने कुछ नहीं किया है।

राबड़ी देवी के बयान से नाराज बीजेपी प्रदेश अध्यक्ष नित्यानंद राय ने पलटवार करते हुए कहा कि यह हताशा में दिया गया बयान है। राबड़ी देवी को ऐसे बयान नहीं देने चाहिए। प्रधानमंत्री को जल्लाद कह देना यह बहुत ही आपत्तिजनक है। राबड़ी देवी प्रधानमंत्री को जल्लाद कह रही हैं, लेकिन बिहार की और देश की जनता नरेंद्र मोदी को मसीहा मान रही है। मैं इसकी घोर निंदा करता हूं। प्रधानमंत्री का पद सम्मानित होता है। ऐसे बयान देने का मतलब है कि राबड़ी देवी ने 40 सीटों पर हार स्वीकार कर ली है। हारने वाले लोग अनाप-शनाप बोलते हैं और आपत्तिजनक शब्दों का उपयोग करते हैं। जिनकी जैसी सोच होती है वैसे ही शब्दों का उपयोग करते हैं।