'चौकन्ने चौकीदार' के डर से भागे नीरव मोदी, विजय माल्या और मेहुल चौकसी: राजनाथ सिंह

केंद्रीय मंत्री राजनाथ सिंह (Rajnath Singh) ने बुलंदशहर की एक रैली में कांग्रेस (Congress) पर जोरदार हमला बोलते हुए कहा कि 'नीरव मोदी, विजय माल्या और मेहुल चोकसी ने तब तक भारत नहीं छोड़ा जब तक कांग्रेस सरकार यहां थी। जब उन्होंने देखा कि यह सरकार सत्ता से बाहर हो गई है और एक नया 'चौकीदार' आया है, एक 'चोक्कना' (अलर्ट) चौकीदार तो वह भारत से भागकर दूसरे देश चले गए।' लोकसभा चुनावों में बीजेपी के लिए धुआंधार प्रचार करने में जुटे राजनाथ सिंह ने यहां एक जन सभा को संबोधित करते हुए कहा कि वर्तमान की सत्तासीन सरकार जिस स्तर पर काम कर रही है, हम वित्तीय स्थिति में विश्व भर में पांचवें नंबर पर होंगे। उन्होंने कहा कि देश किसी एक क्षेत्र में नहीं बल्कि हर क्षेत्र में अग्रसर हो रह रहा है।

2014 में 2 फैक्ट्री अब 101

राजनाथ सिंह ने कहा कि देश की प्रगति का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि 2014 में जब बीजेपी की सरकार सत्ता में आई थी तो यहां पर महज 2 मोबाइल फैक्ट्री थी, लेकिन अब 101 फैक्ट्री हैं। सबसे सस्‍ता इंटरनेट भारत में मिलता है। राजनाथ ने कहा कि पीएम स्वयं को चौकीदार बताते हैं फिर भी लोग अपशब्द बोलते हैं। क्या हमने कभी अपशब्दों का प्रयोग किया।

राष्ट्रद्रोह कानून खत्म करना चाहते हैं, लगता है मति मारी गई है: राजनाथ

लखनऊ व्यापार मंडल की ओर से गुरुवार को आयोजित होली मिलन और व्यापारी संवाद कार्यक्रम में केंद्रीय गृह मंत्री राजनाथ सिंह ने कांग्रेस के चुनावी घोषणापत्र में राष्ट्रद्रोह कानून समाप्त किए जाने की बात पर कहा कि उनकी मति मारी गई है। कांग्रेस और राहुल गांधी की नीतियों और चुनावी एजेंडे पर जमकर हमला बोलते हुए राजनाथ ने कहा कि ये हमको सभी सीटों पर जिताकर संसद पहुंचाना चाहते हैं। उन्होंने यहां तक कह डाला कि ऐसा राष्ट्रीय अध्यक्ष मिल जाए तो पार्टी धन्य जो जाएगी। हालांकि, मजबूत लोकतंत्र के लिए बेहतर विपक्ष का होना जरूरी है, लेकिन ये लोग ऐसा कुछ नहीं कर रहे हैं।