Exit Poll के बाद विपक्ष राजनीतिक रुप से ICU में पहुंच गया : गिरिराज सिंह

लोकसभा चुनाव के परिणामों से पहले आए एग्जिट पोल के नतीजों पर कई राजनेताओं ने अपने सोशल मीडिया अकाउंट्स पर अपने विचार व्यक्त किए हैं। कुछ ने विपक्ष पर खुलकर हमला बोला तो कईयों ने एग्जिट पोल पर भरोसा नहीं जताया। बता दे, तमाम एग्जिट पोल्स के आंकड़ों का मिलान करने पर एनडीए को 280 से ज्यादा सीटें, जबकि यूपीए को 120 के आसपास सीटें मिल सकती हैं। बिहार के बेगूसराय सीट से बीजेपी के उम्मीदवार गिरिराज सिंह (Giriraj Singh) ने विपक्ष पर निशाना साधते हुए राजनीतिक पश्चाताप करने के लिए सलाह दी है। इतना ही नहीं उन्होंने ममता बनर्जी और चंद्रबाबू नायडू के नाम का जिक्र करते हुए तंज कसा है। गिरिराज सिंह ने ममता बनर्जी और चंद्रबाबू नायडू समते सभी विपक्षों को आईसीयू में पहुंचने जैसा बतलाया है। उन्होंने ट्विटर पर लिखा, ''एग्जिट पोल देखकर ममता बनर्जी एवं चंद्रबाबू नायडू समेत सम्पूर्ण विपक्ष राजनीतिक रुप से आई सी यू में पहुंच गए हैं। अब 23 तारीख के बाद इन सभी को जनता के बीच राजनीतिक पश्चाताप करना चाहिए ताकि इन्हें राजनीतिक मोक्ष की प्राप्ति हो सके।'' बता दे, गिरिराज सिंह बिहार में बीजेपी (BJP) के बड़े नेता और केंद्रीय राज्य मंत्री हैं। 2019 के लोकसभा चुनावों में वह बिहार के बेगूसराय से चुनावी ताल ठोंक रहे हैं। उनका मुकाबला जेएनयू के पूर्व छात्र संघ अध्यक्ष कन्हैया कुमार से है। वह इस समय बिहार के नवादा से सांसद हैं। गिरिराज सिंह को अपने विवादित बयानों के लिए जाना जाता है। बयानों की वजह से वह खूब सुर्खियों में रहते हैं। गिरिराज सिंह शुरू से ही पीएम मोदी के समर्थक रहे हैं। पीएम पद के लिए उन्होंने 2014 में सार्वजनिक तौर पर नरेंद्र मोदी के नाम का समर्थन किया था।

गिरिराज सिंह की जुबान फिसली

पिछले दिनों मुजफ्फरपुर में एक होटल में प्रेस वार्ता के दौरान केंद्रीय मंत्री गिरिराज सिंह (Giriraj Singh) की जुबान फिसल गई थी। उन्होंने कहा था कि 'जबसे मोदी जी की सरकार बनी है मोदी जी ने आतंकवाद का समर्थन किया है। मोदी जी ने सेना को गाली दी है।'

पहले भी गिरिराज सिंह विवादित बयान देते रहे हैं। नवंबर 2013 में, गिरिराज सिंह ने नीतीश कुमार पर निशाना साधते हुए कहा था, 'नीतीश एक देहाती औरत की तरह व्यवहार कर रहे हैं और जलन के चलते नरेंद्र मोदी पर हमला कर रहे हैं। '