आजादी और विकास में मोहम्मद अली जिन्ना का भी योगदान : शत्रुघ्न सिन्हा

लोकसभा चुनाव 2019 में एक बार फिर जिन्ना का जिन्न लौट आया है। मध्य प्रदेश के छिंदवाड़ा के सौसर में एक चुनावी जनसभा को संबोधित करते हुए बीजेपी छोड़कर कांग्रेस में शामिल हुए शत्रुघ्न सिन्हा ने कहा है कि आजादी और विकास में मोहम्मद अली जिन्ना का भी योगदान रहा है। कांग्रेस पार्टी की तारीफ करते हुए सिन्हा ने कहा कि सरदार पटेल से लेकर नेहरू तक, महात्मा गांधी से लेकर जिन्ना तक, इंदिरा गांधी से लेकर राहुल गांधी तक, भारत की आजादी और विकास में सभी का योगदान है। इसलिए मैं कांग्रेस पार्टी में आया। पीएम मोदी का नाम लिए बिना शत्रुघ्न सिन्हा ने कहा कि व्यक्ति से बड़ी पार्टी होती है, पार्टी से बड़ा देश होता है, देश से बड़ा कुछ नहीं होता है। उन्होंने नोटबंदी-जीएसटी के मुद्दे पर पर मोदी सरकार को घेरा और कहा कि जैसे ही उन्होंने नोटबंदी के बाद जीएसटी लागू किया तो वहां बिल्कुल नीम के ऊपर करेला था।

बता दे, छिंदवाड़ा सीट से कमलनाथ के बेटे नकुलनाथ कांग्रेस के उम्मीदवार हैं। शत्रुघ्न सिन्हा के साथ मंच पर मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री कमलनाथ भी मौजूद थे उन्होंने जनता को सम्बोधित करते हुए पूर्व मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान पर और मोदी पर प्रहार किया। मुख्यमंत्री कमलनाथ ने कहा 21 लाख किसानों का कर्जा माफ किया है। सौसर में आप गवाह हैं। शिवराज सिंह चौहान चिल्ला रहे हैं कि कर्जा माफ नहीं हुआ, कर्जा माफ नहीं हो रहा है। शिवराज चौहान आपने 15 साल झूठ बोला है। मैंने तो वचन दिया है जैसे ही लोकसभा का चुनाव खत्म होता है हर किसान का कर्जा माफ होगा। दो लाख तक का कर्जा माफ होगा।