आडवाणी और जोशी को टिकट न देने पर केजरीवाल का BJP पर हमला, कहा - 'जिन्होंने घर बनाया उन्हीं बुजुर्गों को घर से निकाल दिया'

मुरली मनोहर जोशी (Murli Manohar Joshi) और पार्टी के वरिष्ठ नेता लाल कृष्ण आडवाणी (L.K. Advani) को इस बार के लोकसभा चुनाव में बीजेपी ने टिकट नहीं दिया है। सबसे हैरान करने वाली बात जो देखी गई वो यह कि इस स्टार प्रचारकों की लिस्ट में बीजेपी के संस्थापक रहे लालकृष्ण आडवाणी (L.K. Advani) और मुरली मनोहर जोशी (Murli Manohar Joshi) का नाम गायब है। बता दें, लाल कृष्ण आडवाणी (L.K. Advani) की संसदीय सीट गांधीनगर से भाजपा ने पार्टी राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह को उतारा है। वहीं मुरली मनोहर जोशी को भी भाजपा ने लोकसभा चुनाव न लड़ने के लिए कहा है। भाजपा के इस फैसले के बाद आम आदमी पार्टी (AAP) के राष्ट्रीय संयोजक और दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल (Arvind Kejriwal) ने भाजपा पर निशाना साधा है।

केजरीवाल ने ट्वीट किया है, 'मोदी जी ने जिस तरह अपने बुजुर्गों आडवाणी जी और मुरली मनोहर जी का अपमान किया है, ये हिंदू संस्कृति के बिल्कुल खिलाफ है। हिंदू धर्म में हमें बुजुर्गों का सम्मान करना सिखाया गया है।' वहीं एक और ट्वीट करते हुए उन्होंने लिखा है, 'जिन्होंने घर बनाया उन्हीं बुजुर्गों को घर से निकाल दिया? जो अपने बुजुर्गों का नहीं हो सकता वो किसका होगा? क्या यही भारतीय सभ्यता है? हिन्दू संस्कृति तो ये नहीं कहती कि बुजुर्गों को बेइज्जत करो। देश के लोगों मे चर्चा है कि मोदी जी आडवाणी-जोशी और सुषमा की बेइज्जती क्यों कर रहे है'?'

बताया जा रहा है कि पार्टी के टिकट न देने के फैसले को लेकर बीजेपी के संगठन महासचिव राम लाल ने मुरली मनोहर जोशी से मुलाक़ात की। राम लाल ने मुरली मनोहर जोशी को पार्टी का फैसला बताया। रामलाल ने जोशी को बताया कि पार्टी ने फैसला किया है कि आपको लोकसभा चुनाव नहीं लड़वाया जाए। इसके साथ ही राम लाल ने उनसे कहा कि पार्टी चाहती है कि आप पार्टी ऑफिस आकर चुनाव नहीं लड़ने का ऐलान करें। लेकिन जोशी ने ऐसा करने से मना कर दिया। साथ ही उन्होंने राम लाल से कहा कि अगर चुनाव न लड़वाने का फैसला हुआ है तो कम से कम पार्टी अध्यक्ष को आकर हमें बताना चाहिए था। इस मुलाकात के बाद मुरली मनोहर जोशी ने कानपुर में अपने मतदाताओं को कहा कि रामलाल ने उनसे चुनाव न लड़ने को कहा। इससे पहले राम लाल लालकृष्ण आडवाणी, कलराज मिश्र से मुलाक़ात कर चुके हैं। वहीं शांता कुमार और करिया मुंडा को फोन पर पार्टी नेतृत्व का फैसला बताया कि आप लोग अपनी तरफ से खुद ऐलान करें कि चुनाव नहीं लड़ना चाहते। इसके बाद कलराज मिश्र, शांता कुमार और करिया मुंडा ने खुद घोषणा की कि वे चुनाव नहीं लड़ना चाहते हैं।

बीजेपी ने लोकसभा चुनाव के प्रचार के लिए अपने स्टार प्रचारकों की लिस्ट भी जारी की है। इस लिस्ट में पीएम मोदी और अमित शाह समेत तमाम दिग्गज नेताओं के नाम मौजूद हैं। खुद से चुनाव ना लड़ने का ऐलान करने वाले कलराज मिश्रा, सुषमा स्वराज और उमा भारती के नाम इस सूची में शामिल किए गए हैं।

बीजेपी स्टार प्रचारकों की लिस्ट

नरेंद्र मोदी
अमित शाह
राजनाथ सिंह
अरुण जेटली
सुषमा स्वराज
नितिन गडकरी
योगी आदित्यनाथ
उमा भारती
हेमा मालिनी
शिवराज सिंह चौहान
पीयूष गोयल
मनोज तिवारी
दिनेश शर्मा
केशव प्रसाद मौर्य

इसके साथ ही अन्य बीजेपी नेताओं के नाम भी इस लिस्ट में शामिल हैं।