गुजरात के तट से नहीं टकराएगा वायु चक्रवात, पोरबंदर के पास से गुजरेगा

चक्रवाती तूफान 'वायु' तेजी से गुजरात के तटीय इलाकों की तरफ बढ़ रहा है। ‘बेहद गंभीर’ की श्रेणी में रखे गए इस चक्रवात की संभावित आपदा के खतरे को देखते हुये दस जिलों को अलर्ट जारी किया गया है और इसके तट पर टकराने के 24 घंटे बाद भी ताकतवर बने रहने की आशंका जाहिर की गई है। मौसम विभाग के मुताबिक, ये तूफान आज दोपहर गुजरात के पोरबंदर और कच्छ जैसे तटीय इलाकों से टकरा सकता है। अभी हवा की रफ्तार 155 से 156 किलोमीटर प्रतिघंटा के बीच है। बुधवार शाम से ही इन इलाकों में तेज हवाएं चल रही हैं। अधिकारियों ने कहा कि अहमदाबाद के सरदार वल्लभभाई पटेल अंतर्राष्ट्रीय हवाईअड्डे से सौराष्ट्र के पोरबंदर, दीव, कांडला, मुंद्रा और भावनगर के लिए उड़ान परिचालन को गुरुवार को रद्द कर दिया गया है, जबकि गुजरात के सभी शैक्षणिक संस्थानों को बंद कर दिया गया है। गुजरात तट से पर्यटकों को जल्द से जल्द चले जाने को कहा गया है।दो विशेष निकासी ट्रेनों को सेवा में लगाया गया है। इसमें से एक सौराष्ट्र के ओखा से राजकोट के लिए बुधवार शाम 5:45 बजे और दूसरी शाम 8:05 बजे अहमदाबाद के लिए रवाना हुई।


वही आज अहमदाबाद में भारतीय मौसम विभाग की वैज्ञानिक मनोरमा मोहंती ने कहा कि गुजरात के तट से नहीं टकराएगा वायु चक्रवात। यह चक्रवात वेरावल, पोरबंदर, द्वारका के पास से गुजरेगा जिससे इन इलाकों में भारी आंधी और बारिश होगी।

वायु तूफान को लेकर अलर्ट के बावजूद सोमनाथ मंदिर बंद नहीं किये जाने पर गुजरात के मंत्री भूपेंद्र सिंह चूडासमा ने कहा कि ये कुदरती आफत है, कुदरत ही रोक सकती है, तो कुदरत को हम क्या रोकें। मंदिर को बंद नहीं किया जा सकता है। हमने पर्यटकों से आग्रह किया है कि वह नहीं आएं। लेकिन कई सालों से आरती यहां होती है, इसे रोका नहीं जा सकता है।
रेलवे ने रद्द कीं 70 ट्रेनें

पश्चिम रेलवे ने बुधवार को बुलेटिन में बताया कि चक्रवात वायु के चलते आने वाली संभावित आपदा को देखते हुये रेलवे ने 70 ट्रेनों को रद्द कर दिया और 28 ट्रेनों को आंशिक रूप से समाप्त करते हुये गंतव्य से पहले ही रोकने का फैसला किया है। पश्चिम रेलवे के प्रवक्ता रवींद्र भाखर ने यह जानकरी दी।

लोगों की दिक्कतों को देखते हुए पश्चिम रेलवे की विशेष राहत ट्रेनें चलाने की योजना है। ये विशेष ट्रेनें गांधीधाम, भावनगर पारा, पोरबंदर, वेरावल और ओखा से प्रत्येक जगह से चलेंगी ताकि वहां से लोगों को निकालने में मदद मिले।

गुजरात में परिवहन सेवाएं, बंदरगाह पर कामकाज रोका गया

गुजरात तट के नजदीक स्थित सभी बंदरगाहों और हवाई अड्डों पर चक्रवात ‘वायु’ को देखते हुए ऐहतियात के तौर पर कामकाज अस्थायी तौर पर रोक दिया गया है। यह जानकारी बुधवार को राज्य सरकार की ओर से दी गई।
हवाई अड्डे भी चक्रवात समाप्त होने तक बंद रहेंगे

मुख्यमंत्री विजय रूपाणी ने संवाददाताओं से कहा कि भारतीय मौसम विभाग (आईएमडी) ने मंगलवार शाम तक हवा की रफ्तार 120 किमी प्रति घंटे से ज्यादा रहने की जानकारी अपडेट की है और हवा के झोंको की रफ्तार 175 किमी प्रति घंटे हो सकती है। मुख्यमंत्री ने स्टेट इमरजेंसी ऑपरेशंस सेंटर में राज्य प्रशासन के साथ गांधीनगर में समीक्षा बैठक की है। इस बैठक के बाद मुख्यमंत्री विजय रूपाणी ने कहा, ‘राज्य सरकार ने गुजरात के तट पर स्थित सभी बंदरगाहों पर संचालन रोकने का निर्णय किया है। ऐहतियाती कदम के तौर पर सौराष्ट्र क्षेत्र के सभी हवाई अड्डे भी चक्रवात समाप्त होने तक बंद रहेंगे।’