लालू प्रसाद यादव की जमानत याचिका खारिज, अस्पताल में चल रहा है इलाज

चारा घोटाले के मामले में जेल की सजा काट रहे राजद सुप्रीमो लालू प्रसाद यादव की मुश्किलें कम होने का नाम नहीं ले रही है। झारखंड हाईकोर्ट ने गुरुवार को जमानत देने से इन्कार कर दिया। बीमार होने के कारण लालू यादव को रांची के अस्पताल में रखा गया है जहा उनका पुलिस कस्टडी में इलाज भी चल रहा है। हालांकि लालू प्रसाद यादव का ट्विटर अब भी सक्रिय रहता है। उनके करीबी इसके जरिए लालू प्रसाद यादव के विचारों को सोशल मीडिया पर जाहिर करते रहते हैं।

इससे पूर्व अपने एक ट्वीट में लालू प्रसाद यादव ने बुधवार को बिहार के मुख्यमंत्री और अपने धुर विरोधी नीतीश कुमार को आड़े हाथों लिया और महागठबंधन की कमजोर छवि पेश करने के लिए उनकी आलोचना की। नीतीश कुमार ने भविष्यवाणी की थी कि विपक्षी दलों के महागठबंधन का राज्य में कोई भविष्य नहीं है। चारा घोटाले से जुड़े कई मामलों में रांची की जेल में सजा काट रहे लालू प्रसाद ने नीतीश कुमार द्वारा इस सप्ताह की शुरुआत में की गई टिप्पणी पर मुख्यमंत्री को आड़े हाथों लिया।

लालू ने ट्वीट किया, ‘‘जो आदमी महागठबंधन द्वारा हासिल करे गए जनता के वोटों की बदौलत कुर्सी पर बैठा है, वह गठबंधन के भविष्य को लेकर भविष्यवाणी कर रहे हैं।'' जो आदमी महागठबंधन के वोट से कुर्सी पर बैठा है। जिसने दिनदहाड़े जनादेश की डकैती एवं 11 करोड़ बिहारियों के जनादेश का अपमान किया है वह किस ज़ुबान से महागठबंधन का भविष्य बता रहा है। ऐसे पलटू दग़ाबाज़ों को शर्म भी नहीं आती।लालू इस समय झारखंड में एक अस्पताल में हैं और अपने आधिकारिक ट्वीटर हैंडल के जरिए अपने विचार साझा करते हैं। उनके ट्वीटर हैंडल को उनके करीबी लोग संचालित करते हैं।