राष्ट्रपति बनने के बाद पहली बार हुई बाइडन की शी जिनपिंग से बात, दी चीनी लूनर न्यू ईयर की शुभकामनाएं

चीन और अमेरिका के रिश्तों की खटास के बारे में सभी जानते हैं जो कि डोनाल्ड ट्रंप के शासन के दौरान और बढ़ी हैं। ऐसे में अब नवनिर्वाचित राष्ट्रपति जो बाइडन के ऊपर काफी जिम्मेदारी आ जाती हैं। व्हाइट हाउस की तरफ से बयान जारी कर बताया गया कि बुधवार को बाइडन ने अमेरिकी राष्ट्रपति पद संभालने के बाद पहली बार शी जिनपिंग से बात की। अमेरिकी राष्ट्रपति जो बाइडन ने चीन के राष्ट्रपति और चीनी जनता को चीनी लूनर न्यू ईयर की शुभकामनाएं दीं। अमेरिकी राष्ट्रपति जो बाइडन ने जिनपिंग से बातचीत के दौरान हांगकांग और शिनजियांग प्रांत में हो रहे मानवाधिकार के हनन को लेकर चिंता भी जताई। व्हाइट हाउस के एक अधिकारी ने बताया कि अमेरिकी राष्ट्रपति ने शी जिनपिंग से बात करते हुए अमेरिकी लोगों की सुरक्षा, समृद्धि, स्वास्थ्य, जीवन जीने के तरीके की रक्षा और हिंद प्रशांत क्षेत्र में शांति बनाए रखने की अपनी प्राथमिकताओं से भी अवगत कराया।
इसके बाद बाइडन और शी जिनपिंग ने दोनों देशों के बीच जारी विवाद को कम करने, जलवायु परिवर्तन, आर्थिक और सैन्य समेत कई मुद्दों पर वार्ता की। बाइडन ने चीनी राष्ट्रपति से बात करते हुए चीन के शिनजियांग प्रांत में उइगर मुस्लिमों पर हो रहे अत्याचार और हांगकांग के लोगों के खिलाफ शत्रुतापूर्ण कार्रवाई को लेकर चिंता जाहिर की। इसके साथ ही चीन की और से लगातार विस्तारवादी नीति को अपनाते हुए ताइवान के खिलाफ सैन्य कार्रवाई को लेकर चेतावनी दी।बता दें कि चीन का लूनर न्यू ईयर दुनिया के सबसे रंग-बिरंगे फेस्टिवल में से एक माना जाता है जिसकी चर्चा दुनियाभर के लोगों के बीच होती है। चीनी नए साल की शुरुआत चांद पर आधारित कैलेंडर के पहले महीने की पहली तारीख से होती है।लूनर न्यू ईयर उत्सव 15 दिनों तक चलने के बाद लालटेन उत्सव के साथ खत्म होता है।