जम्मू-कश्मीर: पुलवामा के त्राल में सुरक्षाबलों को बड़ी कामयाबी, जैश के 3 आतंकी ढेर, सर्च ऑपरेशन जारी

रविवार को जम्मू और कश्मीर में सुरक्षाबलों को आतंकियों के खिलाफ बड़ी कामयाबी हाथ लगी है। सुरक्षा बलों के साथ एक मुठभेड़ में जैश-ए-मोहम्‍मद के तीन आतंकवादी मारे गए। सुरक्षाबलों को इनके शव भी बरामद हुए हैं। साथ ही इनके पास से बड़ी मात्रा में हथियार और गोला-बारूद भी मिला है। रक्षा प्रवक्ता ने बताया कि सुरक्षा बलों ने दक्षिण कश्मीर के पुलवामा जिले के त्राल इलाके के पिंगलिश में घेरेबंदी की और तलाशी अभियान शुरू किया। उन्हें इलाके में आतंकवादियों की मौजूदगी की सूचना मिली थी। उन्होंने बताया कि तलाशी अभियान के दौरान उस वक्त मुठभेड़ हो गई जब आतंकवादियों ने सुरक्षा बलों पर गोली चलाई, जिस पर जवाबी कार्रवाई की गई। जवानों की जवाबी कार्रवाई में तीन आतंकी ढेर हो गए। इलाके में सर्च ऑपरेशन अभी भी जारी है।
वहीं सुरक्षाबलों और पुलिस ने स्‍थानीय लोगों को एनकाउंटर की जगह से दूर रहने की सलाह दी है। उनका कहना है कि एनकाउंटर की जगह पर विस्‍फोटक समेत अन्‍य खतरे हैं। साथ ही पुलिस ने मामले में केस भी दर्ज किया गया है।