इंडिगो की फ्लाइट में उड़ान के दौरान यात्री ने सुलगाई सिगरेट, FIR दर्ज

25 दिसंबर को अहमदाबाद से गोवा जा रही इंडिगो की फ्लाइट में उड़ान के दौरान सिगरेट पीने के आरोप में एक यात्री के खिलाफ FIR दर्ज की गई है। यात्री विमान के बाथरूम में सिगरेट पीता पाया गया था। विमान में सिगरेट पीना दंडनीय अपराध है। गोवा एयरपोर्ट पर फ्लाइट के लैंड होने के बाद स्थानीय पुलिस को इस संबंध में सूचना दी गई। सिगरेट पीते मिले यात्री के खिलाफ गोवा के पुलिस थाने में एफआईआर दर्ज की गई। इसके बाद उसे सीआईएसएफ के हवाले कर दिया गया।

समाचार एजेंसी एएनआई के मुताबिक, यात्री को सिगरेट पीते देख क्रू मेंबर्स ने पायलट को इसकी जानकारी दी और यात्री को बताया कि विमान में सिगरेट पीना मना है। इसके बाद उसे चेतावनी दी गई।

पिछले सप्ताह, विस्तारा एयरलाइन की अमृतसर-दिल्ली-कोलकाता पैसेंजर फ्लाइट में एक यात्री सिगरेट पीने की जिद करने लगा। वह अड़ गया कि सिगरेट पिए बिना वह कोलकाता नहीं जाएगा। इस वजह से फ्लाइट में करीब 3 घंटे की देरी हुई। विस्तारा ने अंततः उस यात्री को डी-बोर्ड कर दिया जिसके बाद विमान ने कोलकाता के लिए उड़ान भरी।