नए साल पर नए आर्मी चीफ जनरल मनोज मुकुंद नरवाणे आज नेशनल वार मेमोरियल पर शहीदों को श्रद्धांजलि देते हुए कहा कि तीनों सेनाएं देश की रक्षा में हर वक्त तैयार हैं और दामन पर कभी आंच नहीं आने देंगे। हम मानवाधिकारों के सम्मान पर विशेष ध्यान देंगे। इस दौरान आर्मी चीफ ने देशवासियों को नए साल की शुभकामनाएं दी। आर्मी चीफ जनरल मनोज मुकुंद नरवणे ने कहा 'यह कितना अहम प्रभार है, इसका भी मुझे अहसास है। मैं वाहेगुरु से कामना करता हूं कि इस जिम्मेदारी को संभालने के लिए मुझे साहस, शक्ति और बुद्धिमत्ता दे।'
उन्होंने कहा कि हम लगातार सभी तरह के खतरों की निगरानी कर रहे हैं और इनका मुकाबला करने की योजना तैयार कर रहे हैं। हमारी प्राथमिकता हर वक्त सैन्य ऑपरेशन के लिए तैयार रहने की होगी। हम लगातार अपनी क्षमताओं को बढ़ाएंगे और उत्तर और पूर्वोत्तर क्षेत्र में व्यापक स्तर पर काम करेंगे।
जनरल मनोज मुकुंद नरवाणे ने कहा कि मैं देशवासियों को भरोसा दिलाना चाहता हूं कि हमारी तीनों सेनाएं हर वक्त किसी भी चुनौती के लिए तैयार हैं और देश को महफूज रखने का भरोसा है। उन्होंने कहा कि थल सेना का हर जवान चौबीसों घंटे देश की सेवा में तत्पर है। नरवाणे ने कहा कि आज से नए दशक की शुरुआत हो रही है और उम्मीद है कि यह भारत की तरक्की का दशक होगा। उन्होंने कहा कि किसी भी देश की तरक्की के लिए सीमाओं की सुरक्षा भी जरूरी है।सेना के सामने चुनौतियों और पीओके को हासिल करने के सवाल पर उन्होंने कहा कि हम हर खतरे पर नजर रखते हैं। यह लगातार चलने वाली प्रक्रिया है। उन्होंने कहा कि चीन के साथ सीमा के विवाद को सुलझाने की जरूरत है। हम सीमाओं पर शांति और सुरक्षा को कायम रखने में सफल रहे हैं।