कोटा में आए दिन संक्रमितों के नए आंकड़े सामने आ रहे हैं जिसपर लगाम लगाने के लिए सख्त लॉकडाउन लगाया गया हैं। ऐसे में ऑटो की व्यवस्था को बंद रखा गया हैं। लेकिन मरीजों की परेशानी देखते हुए आपातकालीन मेडिकल सेवा, इमरजेंसी सेवा के लिए हॉस्पिटल व प्रमुख जगहों पर ऑटो सेवा उपलब्ध कराई जा रही है। ऐसे में ट्रैफिक पुलिस द्वारा शनिवार से नई व्यवस्था लागू की गई जिसके अनुसार सभी ऑटो चालकों को बारी-बारी से मौका मिलेगा।
ट्रैफिक डीएसपी कालूराम वर्मा ने बताया कि शहर में करीब 10 हजार ऑटो संचालित हैं। पहले मेडिकल सेवा व इमरजेंसी सेवा के लिए रोज 400 ऑटो चालकों को परमिशन दी जा रही थी। यूनियन पदाधिकारियों से बातचीत के बाद शनिवार से नई व्यवस्था के तहत ऑटो संचालित होंगे। सभी चालकों को यूनिफॉर्म ऑटो के महत्वपूर्ण दस्तावेज पास रखने होंगे। नियमों की अवहेलना करने पर सम्बन्धित ऑटो चालक के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।- शनिवार को जिन ऑटो के आखिरी नंबर 0 या 1 होंगे वो ऑटो चलेंगे। - रविवार को जिन ऑटो के आखिरी नंबर 2 या 3 होंगे उन्हें परमिशन मिलेगी। - जबकि सोमवार को 4 या 5 आखिरी नंबर वाले ऑटो चलेंगे। - मंगलवार को 6 या 7 आखिरी नम्बर वाले। - बुधवार को 8 या 9 आखिरी नम्बर वाले ऑटो चल सकेंगे।
इसी तरह से 5 दिन बाद फिर से दूसरी सीरीज के ऑटो चल सकेंगे। इस नियम से शहर के करीब 10 हजार ऑटो चालकों को बारी बारी से मौका मिल सकेगा।