राजस्थान : ओवरटेक करते वक्त बाइक से टक्कर के बाद असंतुलित होकर पलटी तेज रफ्तार बस, 5 लोग घायल

कई बार सड़क पर ओवरटेक करते वक्त हादसे हो जाते हैं। ऐसा ही एक हादसा गंगानगर से बीकानेर जा रही बस के साथ हुआ जिसमें बड़ा हादसा टल गया। श्रीगंगानगर जिले के सूरतगढ़ में बुधवार सुबह बस पलटने से पांच लोग घायल हो गए। जानकारी अनुसार, एक बाइक से टक्कर के बाद बस असंतुलित हो गई थी। जिसके बाद पलट गई। घायलों में बाइक सवार भी शामिल है। घटना की जानकारी मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची। जिसके साथ ही घायलों को राजियासर अस्पताल में भर्ती करवाया गया है।

बताया जा रहा है कि बस गंगानगर से बीकानेर जा रही थी। इस दौरान राजियासर से 5 किलोमीटर दूर एनएच 62 पर प्रेम नगर के पास ओवरटेक करते वक्त बस ने एक बाइक को टक्कर मार दी। जिसके बाद बरसात से बने गड्ढों के कारण पलट गई। घटना के बाद बाइक सवार मौके पर ही बेहोश हो गया। जिसे तत्काल अस्पताल में भर्ती करवाया गया। वहीं, बस में सवार चार लोग भी घायल हो गए। जिन्हें उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती करवाया गया।

लोगों ने बताया कि बस काफी तेज रफ्तार में जा रही थी। ओवरटेक करते वक्त चालक बस पर काबू नहीं रख पाया। जिसके कारण बाइक सवार को टक्कर मारकर बस पलट गई। वहीं, बस में सवार बाकी लोगों को दूसरे साधनों की मदद से आगे भिजवाया गया। वहीं, हादसे के बाद मौके पर जाम लग गया। जिसे पुलिस ने खुलवाया।