हरियाणा में 24 मई तक बढ़ा लॉकडाउन, सीएम बोले- जनता की मांग सख्ती और लागू रहनी चाहिए

हरियाणा की मनोहर लाल खट्टर सरकार ने राज्‍य में लॉकडाउन 24 मई तक बढ़ाने का ऐलान किया है। हरियाणा सरकार ने कोरोना मामले और इस महामारी से होने वाली मौतों के आंकड़े बढ़ने के बाद 3 मई को लॉकडाउन लगाने का फैसला किया था। इसके बाद इसे बढ़ाकर 17 मई सुबह 6 बजे तक कर दिया और एक बार फिर इसे बढ़ा दिया है। सीएम ने कहा, जनता की मांग है कि सख्ती और लागू रहनी चाहिए, इसलिए 24 तारीख सुबह 6 बजे तक लॉकडाउन को बढ़ाया जाता है।

इसके अलावा सीएम खट्टर ने कहा कि हमने 20 दिन के अंदर पानीपत में अस्पताल बनाया है, जिस पर 28 करोड़ का खर्च आया है। यह अस्पताल सभी के सामूहिक प्रयास से बनाया गया है। यही नहीं, एक दिन में हरियाणा में आज 1400 बेड की बढ़ोत्‍तरी हुई है, तो हिसार और गुडगांव में भी आज अस्पताल का उद्घाटन हो रहा है। जबकि अब हरियाणा में 19 हजार आक्सीजन बेड की व्यवस्था है।

93,699 एक्टिव मरीज

आपको बता दे, हरियाणा में कोरोना की दूसरी लहर का पीक गुजरने के संकेत दिख रहे हैं। नए मरीजों की वृद्धि दर और सक्रिय मरीजों में करीब एक हफ्ते से कमी का ट्रेंड है। 4 मई को सर्वाधिक 16,246 नए मरीज थे। इसके बाद चार दिन तक यह आंकड़ा 14-15 हजार पर स्थिर रहा। एक सप्ताह से नए मरीज लगातार घट रहे हैं। सक्रिय मरीजों की संख्या भी 9 मई को अधिकतम 1,18,630 थी। अब यह घटकर 93,699 रह गई है। सरकार ने भी 15 मई तक ही प्रदेश में पीक की उम्मीद जताई थी। हालांकि, अभी नए केस गुड़गांव, फरीदाबाद, पंचकूला जैसे शहरी क्षेत्रों में ही घटे हैं। अगले हफ्ते गांवों में भी नए मरीज कम रहे तो ही पीक माना जाएगा। प्रदेश में शनिवार को 9,955 नए मरीज मिले। नए मरीज 24 दिन बाद 10 हजार से कम रहे हैं। 12,593 लोग ठीक भी हुए।