हरियाणा के CM सैनी ने दिल्ली में पिया यमुना का पानी, केजरीवाल ने 'जहर' मिलाने का लगाया था आरोप

दिल्ली और हरियाणा सरकार के बीच यमुना नदी के पानी को लेकर जारी विवाद के बीच हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने बुधवार को दिल्ली के पल्ला गांव के पास यमुना नदी का पानी पीकर यह साबित करने की कोशिश की कि पानी पूरी तरह सुरक्षित है। यह कदम ऐसे समय में उठाया गया जब आम आदमी पार्टी (AAP) और भाजपा (BJP) के बीच यमुना नदी के कथित जहरीले पानी को लेकर राजनीतिक टकराव चल रहा है।

मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने खुद यमुना नदी के तट पर पहुंचकर पानी पिया और कहा कि यह पूरी तरह से सुरक्षित है। उन्होंने कहा— आज मैं यमुना के तट पर आया हूं और यहां का पानी पिया है। जल संसाधन प्राधिकरण ने यहां से पानी के नमूने लिए और जांच में कोई जहर नहीं पाया गया। यह साबित करता है कि आम आदमी पार्टी की ओर से फैलाया जा रहा प्रोपेगेंडा झूठा है।

मुख्यमंत्री सैनी ने दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल के उस बयान का भी जवाब दिया, जिसमें उन्होंने हरियाणा सरकार पर यमुना नदी के पानी में जहर मिलाने का आरोप लगाया था। केजरीवाल ने इसे सामूहिक नरसंहार करार देते हुए भाजपा सरकार को जिम्मेदार ठहराया था।

इस पर प्रतिक्रिया देते हुए सैनी ने कहा— अरविंद केजरीवाल ने जीवनभर झूठ बोला है और अब भी झूठ ही बोल रहे हैं। हरियाणा की सरकार पर उन्होंने जो आरोप लगाए हैं, वे पूरी तरह से बेबुनियाद हैं। जांच में साफ हो गया है कि पानी में किसी भी तरह का जहरीला पदार्थ नहीं मिला है।

केजरीवाल के खिलाफ केस दर्ज करेगी हरियाणा सरकार

यमुना जल विवाद पर बयानबाजी के बीच हरियाणा सरकार ने बड़ा कदम उठाने का फैसला किया है। हरियाणा के मंत्री विपुल गोयल ने बुधवार को कहा कि दिल्ली के पूर्व मुख्यमंत्री और आम आदमी पार्टी (AAP) के प्रमुख अरविंद केजरीवाल के खिलाफ सोनीपत के मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट (CJM) कोर्ट में आपदा प्रबंधन अधिनियम के तहत मामला दर्ज किया जाएगा।

गोयल ने कहा कि केजरीवाल का बयान दिल्ली और हरियाणा के लोगों में दहशत फैलाने वाला और गैर जिम्मेदाराना है। उन्होंने कहा— हरियाणा सरकार अरविंद केजरीवाल के खिलाफ आपदा प्रबंधन अधिनियम की धारा 2 (डी) और 54 के तहत केस दर्ज करवाने जा रही है। केजरीवाल ने झूठा प्रचार करके जनता को गुमराह किया और पानी को लेकर भय का माहौल बनाया है।

क्या है पूरा मामला?

दिल्ली के पूर्व मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने हाल ही में हरियाणा की बीजेपी सरकार पर गंभीर आरोप लगाए थे। उन्होंने कहा था कि हरियाणा सरकार यमुना नदी में ज़हर मिला रही है ताकि दिल्ली के लोगों को नुकसान पहुंचाया जा सके। केजरीवाल के इस बयान के बाद दिल्ली की वर्तमान मुख्यमंत्री आतिशी ने भी आरोप लगाया था कि भाजपा सरकार जानबूझकर दिल्ली की जल आपूर्ति को बाधित कर रही है और राजधानी में जल संकट पैदा कर रही है। आम आदमी पार्टी (AAP) लगातार आरोप लगा रही है कि हरियाणा सरकार यमुना का गंदा और जहरीला पानी दिल्ली में भेज रही है, जिससे दिल्ली के नागरिकों को पीने के लिए अस्वस्थ और दूषित पानी मिल रहा है।