जोधपुर : चोरों ने मारी दो सूने मकानों में सेंध, चुराकर ले गए कीमती घरेलू सामान

चौपासनी हाउसिंग बोर्ड व कुड़ी में दो मकानों के ताले तोड़ चोर जेवरात व नकदी चुरा ले गए। चौहाबो पुलिस ने बताया कि 11 सेक्टर निवासी गंगाशंकर पुत्र गंगश्याम माथुर ने रिपोर्ट दी। इसमें बताया कि 15 से 20 जनवरी के बीच वे परिवार सहित उदयपुर गए हुए थे, 20 जनवरी को लौटे तो घर के मुख्य दरवाजे के ताले टूटे हुए मिले।
कमरे में रखी अलमारी के भी चोरों ने ताले तोड़ डाले। घर का पूरा सामान बिखरा हुआ मिला। चोर अलमारी में रखे बीस हजार रुपए, सोने की 10 अंगूठी, सोने की चेन, सोने के टॉप्स, नाक की फीणियां, चांदी की तीन जोड़ी पायजेब, चांदी की चार ग्लासें, चांदी के 20 सिक्के, चांदी की बिछिया, लक्ष्मी व गणेश की चांदी की प्रतिमाएं सहित कुछ आर्टिफिशियल ज्वैलरी चुरा ली।वहीं दूसरी ओर कुड़ी पुलिस ने बताया कि 4 सी रोड जूनी बागर महामंदिर निवासी शशांक परिहार पुत्र सुभाषसिंह परिहार ने रिपोर्ट दी। इसमें बताया कि प्रेसकॉन सिटी जीत कॉलेज के सामने उनके मकान के 15 जनवरी को ताले तोड़कर चोर वहां लगे सीसीटीवी कैमरे और अन्य कीमती घरेलू सामान चुराकर ले गए। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी फुटेज के आधार पर चोरों की तलाश में जुटी है।