श्रीगंगानगर : दो महिलाओं के लिए काल बनकर आई जीप, ड्राईवर ने भागने की कोशिश की तो लोगों ने पकड़ा

शुक्रवार देर शाम एक तेज रफ्तार जीप कई लोगों के लिए घातक साबित हुई जिसने अनियंत्रित होते हुए कई वाहनों को टक्कर मारते हुए पैदल चल रही दो महिलाओं को कुचल दिया जिनकी मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद आरोपी जीप चालक ने मौके से भागने का प्रयास किया, लेकिन आसपास के लोगों ने उसे पकड़ लिया। हादसे के बाद परिजनों ने घटना की सूचना जवाहर थाने को दी। आरोपी को भी जवाहर नगर थाना पुलिस के हवाले कर दिया। शुक्रवार देर रात तक इस संबंध में पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया गया। घटना शहर की साधुवाली छावनी के पास हुई जहां दोनों महिलाओं को टक्कर मारने से पहले वह कई अन्य वाहनों से भी टकराता हुआ यहां पहुंचा था।

शहर की साधुवाली छावनी के पास ऑफिसर कॉलोनी की निवासी सुमन और उसकी पड़ौसन कुलदीप कौर देर शाम दूध लेने के लिए घर से निकली थी। अभी वे कॉलोनी से निकलकर मुख्य सडक़ पर आई ही थीं, की तेज रफ्तार जीप चालक ने उन्हें कुचल दिया। आसपास के लोगों ने बताया कि जीप चालक ने महिलाओं को कुचलने से पहले कई अन्य को भी टक्कर मारी। दोनों महिलाओं की हादसे के ठीक बाद मौके पर ही मौत हो गई। आसपास के लोगों ने आरोपी चालक राजवीर को दबोच कर पुलिस के हवाले कर दिया।