जोधपुर : चोरी के प्रकरण में चार लोग गिरफ्तार, फैक्ट्री में काम के दौरान करते थे चोरी

चौहाबो स्थित अशोक नगर निवासी नमित भंडारी पुत्र नेमीचंद्र भंडारी की तरफ से केस दर्ज करवाया गया था। इसमें बताया कि उसकी फैक्ट्री बासनी औद्योगिक क्षेत्र गली नंबर छह में मयूर स्टील के नाम से स्थित है। कुछ दिनों से वे देख रहे थे कि फैक्ट्री मे काम करने वाले श्रमिक बर्तनों को चुरा रहे है और बाजारों में बेच डालते है। इसपर शहर की बासनी पुलिस ने चोरी के प्रकरण में चार लोगों को गिरफ्तार किया है। ये लोग फैक्ट्री में ही काम करते है और बर्तनों को चोरी कर बाजार में बेच देते थे। पुलिस ने प्रकरण दर्ज होने के उपरांत 12 घंटे में कार्रवाई करते हुए अभियुक्तों को गिरफ्तार किया है।

चोरों ने फैक्ट्री से 700 किलो स्टील, 17 किलो पीतल व 14 किलो तांबे के बर्तन चोरी किए थे। जिसमें गहनता से जांच करने के बाद चार आरोपियों को गिरफ्तार करते हुए उनके पास से चोरी का माल बरामद किया गया। पकड़े गए आरोपियों में ताजियों का चौक निवासी फिरोज पुत्र रमजान, पीपाड़ सिटी हाल बासनी निवासी अभिषेक पुत्र प्रेम सिंह, पाल रोड निवासी प्रवीण सिंह पुत्र खेमसिंह व झालामंड निवासी गजेंद्र सिंह पुत्र जगदीश सिंह को गिरफ्तार किया गया। वहीं चोरी किए बर्तनों से भरे 19 बोरे पुलिस ने जब्त कर लिए। पुलिस अब आरोपियों से पूछताछ करने में जुटी है।