Forbes List: अमेरिका की टेक कंपनियों में चलता है इन 4 भारतीय महिलाओं का सिक्का

फोर्ब्स (Forbes) मैग्जीन ने अमेरिकी टेक कंपनियों की टॉप-50 महिला अधिकारियों की लिस्ट जारी की है। इस लिस्ट में भारतीय मूल की 4 महिलाओं ने भी जगह बनाई है। सिस्को की पूर्व चीफ टेक्नोलॉजी ऑफिसर पद्मश्री वॉरियर, उबर की सीनियर डायरेक्टर कोमल मंगतानी, कॉन्फ्लुएंट की चीफ टेक्नोलॉजी ऑफिसर और को-फाउंडर नेहा नरखेड़े, आइडेंटिटी मैनेजमेंट कंपनी ड्रॉब्रिज की कामाक्षी शिवरामकृष्णन इस लिस्ट में शामिल है।

नेहा नरखेड़े (32) ने लिंक्डइन में सॉफ्टवेयर इंजीनियर की नौकरी करते हुए कॉफ्लुएंट के लिए अपाचे काफ्का सॉफ्टवेयर तैयार करने में मदद की थी। यह डेटा प्रोसेसिंग सॉफ्टवेयर कॉफ्लुएंट का बिजनेस बढ़ाने में काफी मददगार साबित हुआ। नेहा ने पुणे यूनिवर्सिटी की पासआउट हैं।

कोमल मंगतानी (43) उबर की सीनियर डायरेक्टर हैं। वो बिजनेस इंटेलीजेंस सेक्शन की हेड भी हैं। कोमल उबर के महिला एनजीओ के बोर्ड में भी शामिल हैं। उन्होंने धर्मसिंह देसाई इंस्टीट्यूट ऑफ टेक्नोलॉजी, गुजरात से पढ़ाई की थी।

पद्मश्री वॉरियर (58) फिलहाल चीन की कार कंपनी नियो की यूएस हेड हैं। वो 17 दिसंबर को इस्तीफा देंगी। इससे पहले वो अमेरिकी टेक कंपनी सिस्को सिस्टम्स में चीफ टेक्नोलॉजी ऑफिसर थीं। वो माइक्रोसॉफ्ट के बोर्ड में भी शामिल हैं। आंध्रप्रदेश के विजयवाड़ा में जन्मी पद्मश्री ने दिल्ली आईआईटी से पढ़ाई की थी।

कामाक्षी शिवरामकृष्णन (43) आर्टिफिशियल इंटेलीजेंस से जुड़ी कंपनी ड्रॉब्रिज की सीईओ और फाउंडर हैं। उन्होंने साल 2010 में कंपनी बनाई थी। ड्रॉब्रिज यह ट्रैक करती है कि लोग कौन-सी डिवाइस यूज कर रहे हैं। कंपनी में अब तक 6।87 करोड़ डॉलर का बाहरी निवेश हो चुका है। ड्रॉब्रिज शुरू करने से पहले कामाक्षी मोबाइल एड प्लेटफॉर्म एडमोब में डेटा साइंटिस्ट थीं। उन्होंने मुंबई से पढ़ाई की थी।