चूरू : आग में जलकर खाक हुआ प्लास्टिक फैक्ट्री में रखा लाखों का माल, शॉर्ट सर्किट बताया जा रहा कारण

जिले के रतनगढ़ में रीको स्थित एक फैक्ट्री में देर रात प्लास्टिक फैक्ट्री में शॉर्ट सर्किट के चलते आग लग गई जिसमें लाखों का प्लास्टिक दाना जलकार राख हो गया। फैक्ट्री में प्लास्टिक की कुर्सी बनाने में काम आने वाला प्लास्टिक दाना बनाया जाता था। शुरुआती जांच में आग लगने का कारण शॉर्ट सर्किट बताया जा रहा है। घटना रतनगढ़ रीको क्षेत्र में रोड़ न 6 पर विनायक इंडस्ट्रीज की है। जहां देर रात अचानक आग लग गई। इस दौरान फैक्ट्री में मौजूद दो कर्मचारियों ने आसपास के फैक्ट्री में मौजूद लोगों को आग की सूचना दी। इसके बाद आग बुझाने के प्रयास शुरु किए गए।

घटना की जानकारी मिलने पर दमकल की गाड़ियां मौके पर पहुंची। जिसने करीब एक घंटे की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। हादसे में किसी तरह की जनहानी नहीं हुई। इस दौरान फैक्ट्री में खड़ी कार भी जलकर राख हो गई। आग लगी देख मौके पर लोगों की काफी भीड़ जमा हो गई। दमकल के पहुंचने से पहले लोगों ने भी आग पर काबू पाने का प्रयास किया। आग के कारण पास की ही एक फैक्ट्री को भी नुकसान पहुंचा। फिलहाल फैक्ट्री मालिक द्वारा नुकसान का जायजा लिया जा रहा है।