15 दिन के अंदर दिल्ली में दूसरा बड़ा अग्निकांड, किराड़ी में गोदाम में लगी आग, 9 की मौत, कई घायल

दिल्ली के किराड़ी के कपड़ा गोदाम में आग लग गई है। किराड़ी के इंदर एनक्लेव में एक चार मंजिला इमारत में आग लगी। इस हादसे में 9 लोगों की जान चली गई है। आग शॉर्ट सर्किट के कारण लगी। दमकल विभाग के एक अधिकारी का कहना है कि आग लगने के कारण 3 लोगों की मौत घटनास्थल पर हो गई जबकि 6 अन्य लोगों की मौत इलाज के दौरान हुई। हालांकि चश्मदीदों के अनुसार मृतकों की संख्या इससे ज्यादा हो सकती है। सभी घायलों को संजय गांधी और पास के एक निजी अस्पताल ले जाया गया है। बताया जा रहा है कि इमारत के निचले हिस्से में बने गोदाम में रविवार रात भयानक आग लगी। करीब 12 बजे लगी इस आग की चपेट में एक दर्जन से ज्यादा लोग आ गए। आग की सूचना के बाद मौके पर पहुंची फायर ब्रिगेड की टीम ने काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया।
पुलिस ने बताया कि आग की खबर हमें पीसीआर कॉल के जरिए मिली। पुलिस के अनुसार, 'पहले घर में आग लगने की सूचना मिली, लेकिन जब हम पहुंचे तो देखा कि गोदाम में आग लगी है। जिस वक्त आग लगी थी उस दौरान कुछ लोग गोदाम में सो रहे थे। घटना में घायल हुए सभी लोगों को पास के संजय गांधी अस्पताल में भर्ती किया गया है।' मरने वाले लोगों में मकान मालिक और किरायदार के परिवार वाले हैं। सभी ऊपरी मंजिल पर अपने-अपने घरों में सो रहे थे। इनमें बच्चे, बुजुर्ग और महिलाएं थीं। इन्हें भागने का भी मौका नहीं मिला। घटना स्थल पर मौजूद लोगों का कहना है कि चार मंजिला इमारत के निचले हिस्से में गोदाम है जहां सबसे पहले आग लगी। मृतकों में सभी लोग आग लगने के दौरान ऊपरी मंजिल पर सो रहे थे।पुलिस ने बताया कि गोदाम में सुरक्षा उपाय नहीं किए गए थे। आग बुझाने के लिए सेफ्टी उपकरण नहीं थे और गोदाम से निकलने के लिए भी सिर्फ एक ही सीढ़ियां थीं।

आपको बता दे, इससे पहले दिल्ली के रानी झांसी रोड पर 7 दिसंबर को अनाज मंडी में भीषण आग लगी थी। इस आग में 43 लोगों ने अपनी जान गवाई थी। आग लगने की वजह शॉर्ट सर्किट रही।